भाविप की वीर तात्याटोपे शाखा का दायित्व ग्रहण समारोह: नवीन कार्यकारिणी को दिलाई शपथ | SHIVPURI NEWS

Bhopal Samachar
शिवपुरी। भारत विकास परिषद एक पारिवारिक समाज सेवी संस्था है। भारत विकास परिषद में पारिवारिकता की भावना ही हमें श्रेष्ठ बनाती है। भारत देश की पहचान उसकी संस्कृति और संस्कारों से ही है। संस्कार से ही सहयोग की भागवना जागृत होती है और सहयोग के साथ कार्य करने से जीवन की दिशा भी बदल जाती है। देश की नई पीढ़ी, युवाओं और बच्चों में अपनी संस्कृति और संस्कार को जगाए रखने का अनूठा कार्य भारत विकास परिषद कर रही है। 

यह विचार भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जेन ने भारत विकास परिषद मध्य भारत उत्तर प्रांत एवं वीर तात्याटोपे शाखा की नवीन कार्यकारिणी के दायित्व ग्रहण समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत विकास परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष विनोद गर्ग ने की जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष दीपक भार्गव एवं क्षेत्रीय संरक्षक डा. के एस मंगल ने की। नवीन कार्यकारिणी को दायित्व का संकल्प प्रांतीय महासचिव युगल गर्ग ने दिलाया।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन ने कहा कि हमारे क्या दायित्व हैं इसका बोध होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगति का प्रभाव बहुत होता है यदि हम अच्छे संस्कार के भाव के साथ कार्य करेंगे तो हमें अपने उद्देश्य को प्राप्त करने में कठिनाई नहीं होगी। उन्होंने विभिन्न संस्मरणों के माध्यम से नव निर्वाचित पदाधिकारियों से सामूहिकता के साथ कार्यक्रम करने की शैली बनाने तथा संगठन के अनुरूप ही कार्य को कहा। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाविप के प्रांतीय अध्यक्ष विनोद गर्ग ने भारत विकास परिषद के लक्ष्य, उद्देश्य एवं प्रकल्पों पर सविस्तार प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचित पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा के साथ करें। कार्य की सार्थकता तभी है जब हम अपने दायित्व को समझें और उसके अनुरूप ही कार्य करें। 

विशिष्ट अतिथि दीपक भार्गव ने भारत विकास परिषद के पांचों सूत्रों को परिभाषित करते हुए शाखा द्वारा शिवपुरी में सेवा एवं संस्कार के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को सराहा। इससे पूर्व कार्यक्रम का प्रारंभ परिषद की परम्परानुसार राष्ट्र्रगीत वन्देमातरम से किया गया। स्वागत भाषण शाखा अध्यक्ष अमित खण्डेलवाल ने दिया। 

इसके उपरान्त भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संरक्षक डा. के एस मंगल ने प्रांतीय कार्यकारिणी तथा प्रांतीय महासचिव युगल गर्ग ने वीर तात्याटोपे शाखा के सत्र 2019-20 की नवीन कार्यकारिणी को अपने दायित्व की शपथ दिलाई। उन्होंने वीर तात्याटोपे शाखा द्वारा नगर के किए जा रहे सेवा एवं संस्कार कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सही मायने में यह शाखा ही भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता को जगाए रखने का अक्षुण्य कार्य कर रही है। कार्यक्रम का सफल संचालन संगम अग्रवाल एवं अनिल कुमार अग्रवाल ने किया जबकि आभार शाखा सचिव चन्द्र मोहन नागपाल द्वारा ज्ञापित किया गया। इस अवसर पर शहर के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन, पत्रकारगण, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित थे।

इन्होंने ली अपने दायित्व की शपथ
वीर तात्याटोपे शाखा की वर्ष 2019-20 की नवीन कार्यकारिणी में अध्यक्ष के दायित्व की शपथ अमित खण्डेलवाल ने, उपाध्यक्ष का दायित्व अशोक जैन, योगेश अग्रवाल, दीपक सिंघल, रश्मी सिंघल, सचिव चन्द्र मोहन नागपाल, संयुक्त सचिव का दायित्व राकेश अग्रवाल, अर्चना जैन, कोषाध्यक्ष का दायित्व हर्ष मित्तल, प्रचार सचिव के दायित्व की शपथ शीतलजैन ने, महिला संयोजिका के दायित्व की शपथ श्रीमती संगम अग्रवाल ने एवं महिला सह संयोजिका के दायित्व की शपथ श्रीमती वर्षा जैन, हर्षा मित्तल एवं श्रीमती नुपूर गोयल ने सदन के समक्ष ली।

प्रकल्पों पर मिले पुरस्कारों का किया वितरण
भारत विकास परिषद की वीर तात्याटोपे शाखा को वर्ष 2017-19 में प्रकल्पों पर किए गए कार्यों के लिए पुरस्कार प्राप्त हुए। इनमें भारत को जानो प्रतियोगिता में द्वितीय, गुरु वंदन छात्र अभिनंदन में द्वितीय एवं श्रेष्ठ शाखा में तृतीय पुरस्कार मिला जिसे अतिथियों के कर कमलों द्वारा उनके संयोजकों को वितरित किए गए। 
G-W2F7VGPV5M