शिवुपरी। खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा म.प्र. में हॉकी खेल को बढ़ावा देने एवं हॉकी प्रतिभा चयन हेतु इंटर हॉकी फीडर सेंटर बालक/बालिका प्रतियोगिता का आयोजन श्रीमंत माधवराव सिंधिया जिला खेल परिसर के नवीन हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदान पर दिनांक 17 अप्रेल से 20 अप्रेल 2019 तक प्रातः 6.00 बजे 10.00 एवं सायं 3.30 बजे से 7.00 बजे तक ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, गुना, छतरपुर, राजगढ. तथा सतना के बीच लीग सह नॉक आउट आधार पर आयोजित की गई।
बालिका वर्ग इंटर हॉकी फीडर सेंटर प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री एच.पी. वर्मा जी की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एच.पी. वर्मा जी का स्वागत संभागीय खेल और युवा कल्याण अधिकारी, श्री एम.के. धौलपुरी एवं अन्य जिले से उपस्थित प्रशिक्षकों के द्वारा किया गया।
आज सुबह बालिका वर्ग के दोनो सेमी फाइनल मैच खेले गये जिसमें मुरैना एवं छतरपुर के मध्य खेला गया, जिसमें मुरैना ने छतरपुर को 2-1 से हराकर मुरैना ने फायनल में जगह बनाई। वही दूसरा सेमीफायनल ग्वालियर एवं शिवपुरी के मध्य खेला गया, जिसमें ग्वालियर ने शिवपुरी को 3-1 से हराकर ग्वालियर ने फायनल मैच में जगह बनाई।
फायनल मैच प्रातः 11.00 बजे प्रारंभ किया, जिसमें दोनों ही टीमों की बालिका खिलाडि़यों ने उत्कृष्ठ खेल का प्रदर्शन किया और अंत में मुरैना की टीम ने ग्वालियर को 2-0 से हराकर फायनल मैच जीत कर विजेता बनी।
वहीं तीसरे स्थान के लिए हॉकी मैच शिवपुरी एवं छतरपुर के मध्य खेला गया, जिसमें शिवपुरी ने छतरपुर को 2-1 से हराकर तीसरा स्थान शिवपुरी ने प्राप्त किया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एच.पी. वर्मा, जी ने प्रथम एवं द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त खिलाडि़यों को पुरूस्कार स्वरूप शील्ड एवं मेडल से पुरूस्कृत किया एवं अन्य जिले से उपस्थित प्रशिक्षक/दल मैनेजर एवं प्रतियोगिता में सहयोगी को स्मृति चिन्ह भेट किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहां की महिला आज हर क्षेत्र में पुरूषों से आगे बढ़ चढ़ कर भाग ले रही है और अपने कौशल के दम पर आगे बढ़ रही है। आज महिला खेलों के क्षेत्र में देश ही नहीं अपितु विदेशों में भी ओलंपिक खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर पदक प्राप्त कर देश का नाम रोशन कर रही है।
आप सभी खिलाडी अपने खेलों में सुधार कर अच्छा प्रदर्शन करें और देश ही नहीं विदेश में अपना एवं अपने क्षेत्र, राज्य का नाम रोशन करें। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि को संभागीय खेल और युवा कल्याण अधिकारी ने स्मृति चिन्ह भेंट की।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ खिलाड़ी एवं गणमान्य नागरिक अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहे। साथ ही जिले से पधारे हॉकी फीडर सेंटर के कोच- ग्वालियर वन्दना उईके, प्रशिक्षक ग्वालियर, श्री अविनाश भट्नागर, श्री राजू सिंह चौहान, गुना से श्रीमती संगीता कंवर, सतना से शिवेन्द्र सिंह ठाकुर, राजगढ़ से आविद खान, मुरैना से अविनाश राजावत, छतरपुर से नकुल कुशवाह, शिवपुरी से श्रीमती गीता लखेरा एवं खेल विभाग के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
संभागीय खेल और युवा कल्याण अधिकारी, श्री एम.के. धौलपुरी जी ने बताया कि बालिक वर्ग प्रतियोगिता में उत्कृष्ठ खिलाडि़यों का चयन कर, चयनित खिलाड़ी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय इंटर हॉकी फीडर सेंटर प्रतियोगिता में भाग लेंगे। कार्यक्रम का संचालन श्री कमल सिंह बाथम शेरा के द्वारा किया गया।

