शिवपुरी। शिवपुरी में 8 मई को विप्रदेव कन्या महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 11 ब्राह्मण बेटियों का नि:शुल्क सामूहिक विवाह कराया जाएगा। इस अनूठे आयोजन की खास बात यह है कि इसमें पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ आधुनिक भव्यता का विशेष संगम देखने को मिलेगा।इस महोत्सव का आयोजन शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी त्रिलोक चंद अग्रवाल (बल्लू भैया) द्वारा अपने सुपुत्र भारत अग्रवाल के विवाह समारोह के साथ किया जा रहा है। वे अपने बेटे की शादी के साथ समाज सेवा का संदेश देते हुए 11 बेटियों की विदाई भी करेंगे।
आयोजन में दुल्हनों को गृहस्थी शुरू करने के लिए कूलर, फ्रिज, टीवी, डबल बेड, रसोई का पूरा सामान, लहंगा सहित अन्य वस्त्र दिए जाएंगे। वहीं दूल्हों को सूट उपहार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। भोजन, टेंट और बारात की संपूर्ण व्यवस्था भी आयोजक द्वारा की गई है।
यह भव्य समारोह बीडी नंबर 72 परिसर, पुराना शक्कर मिल क्षेत्र, गुना इंडस्ट्रियल एरिया के पास आयोजित होगा। बारात तारकेश्वरी कॉलोनी से निकलकर विवाह स्थल तक पहुंचेगी। इस बारात में 11 ब्राह्मण दूल्हों के साथ भारत अग्रवाल भी दूल्हे के रूप में शामिल होंगे। खास बात यह है कि बारात के स्वागत के लिए रेड कारपेट बिछाया जाएगा, जो शहर में पहली बार देखने को मिलेगा। इसके लिए लगभग आधा दर्जन बैंड बुक किए गए हैं।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण वैदिक वरमाला होगी। बारात के दरवाजे पर पहुंचते ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरमाला की रस्म संपन्न कराई जाएगी। साथ ही पूरे शहर के लिए ब्राह्मण कन्याओं के चरण पूजन का विशेष कार्यक्रम भी रखा गया है।
कार्यक्रम में प्रत्येक दूल्हा-दुल्हन के लिए अलग-अलग भव्य स्टेज और मंडप तैयार किए जा रहे हैं। विशाल टेंट में आधुनिक सजावट और फूलों की विशेष डेकोरेशन की व्यवस्था की जा रही है। सभी मेहमानों के लिए कैटरिंग के माध्यम से भोजन की व्यवस्था रहेगी।
जानकारी के अनुसार अब तक 8 जोड़े फाइनल हो चुके हैं। आयोजन में शादी से पूर्व की सभी रस्में जैसे सगाई और टीका पहले ही पूरी कर ली जाएंगी, वहीं दूल्हा-दुल्हन के वस्त्र उनकी नाप के अनुसार पहले से तैयार किए जा रहे हैं।
आयोजक बल्लू भैया का कहना है कि 11 बेटियों की विदाई के बाद ही वे अपनी बहू अक्षिता का गृह प्रवेश कराएंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन में इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि किसी भी जोड़े को यह महसूस न हो कि उनका विवाह सामूहिक कार्यक्रम में हो रहा है, बल्कि हर जोड़े को व्यक्तिगत और भव्य अनुभव दिया जाएगा।