शिवपुरी का अप्रैल में मौसम का कलैंडर, गर्मी से राहत रहेगी, आंधी और बारिश का येलो अलर्ट

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। अप्रैल माह शुरू हो चुका है,मार्च माह के बीच के दिनों में पारे ने एक दम से उछाल मार दिया था,लग रहा था कि इस बार गर्मी जोर की लगने वाली है लेकिन मौसम है पल पल बदलता है। मार्च के अंतिम दिनों में बदलो और हल्की बरसात के कारण पारा धड़ाम से गिर गया। आज 2 अप्रैल है और 1 अप्रैल के अधिकतम पारे की बात करे तो अधिकतम पारा 35 डिग्री पर रहा है,मौसम वैज्ञानिकों ने अप्रैल के 15 दिन के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इस पूर्वानुमान में गर्मी से राहत की खबर है।

मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार अप्रैल के पहले पखवाड़े, यानी 15 अप्रैल तक, दिन के समय गर्मी के तेवर नरम रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो सकता है, लेकिन हीटवेव चलने की संभावना फिलहाल नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अप्रैल में बार-बार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ का असर उत्तर भारत के साथ-साथ ग्वालियर-चंबल संभाग पर भी देखने को मिलेगा। इसी वजह से आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश का दौर बना रह सकता है। यह मौसमी गतिविधियां तापमान को ज्यादा ऊपर जाने से रोकेंगी और दिन की गर्मी को कुछ हद तक नियंत्रित रखेंगी।

हालांकि दिन में राहत के बावजूद रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है। इसका सीधा असर यह होगा कि लोगों को रात में उमस और गर्मी अधिक महसूस हो सकती है। यानी दिन भले ज्यादा नहीं तपे, लेकिन रातें चैन छीन सकती हैं।

मार्च में भी नहीं चली हीटवेव, अप्रैल में भी राहत
दरअसल मार्च का पूरा महीना भी पश्चिमी विक्षोभों से प्रभावित रहा। जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में लगातार आए मौसम सिस्टम के कारण वहां बर्फबारी हुई और उसका असर मध्य भारत तक महसूस किया गया। इसके चलते राजस्थान की तरफ से आने वाली तीखी गर्म हवाएं स्थिर नहीं हो सकीं। यही वजह रही कि मार्च में ग्वालियर-चंबल संभाग के किसी भी जिले में एक भी दिन हीटवेव दर्ज नहीं हुई और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक ही सीमित रहा।

3 अप्रैल से फिर बदलेगा मौसम, येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है, जिसका असर 3 अप्रैल से दिखाई देना शुरू होगा। इसके चलते शिवपुरी सहित आसपास के जिलों में अगले तीन दिनों तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने आंधी और बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जबकि रात का तापमान बढ़ने की संभावना बनी रहेगी।

7 अप्रैल को फिर सक्रिय होगा नया सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार देश के अलग-अलग हिस्सों में बने सिस्टम का असर ग्वालियर-चंबल अंचल पर भी पड़ेगा। इसी कारण गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग का कहना है कि 7 अप्रैल को एक नया सिस्टम फिर सक्रिय होगा, जिससे मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है।

मई-जून में दिख सकते हैं गर्मी के असली तेवर
अप्रैल में राहत के संकेतों के बीच मौसम विभाग ने आने वाले महीनों को लेकर चेतावनी भी दी है। विभाग के मुताबिक मई और जून में शिवपुरी सहित पूरे क्षेत्र में हीटवेव का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान चार से सात दिन तक लू चलने की संभावना जताई गई है। इतना ही नहीं, मई-जून में दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। यानी अप्रैल राहत देगा, लेकिन असली परीक्षा अभी बाकी है।