नरवर से 12वीं क्लास का स्टूडेंट हुआ गायब, घर से पैन कार्ड बनवाने निकला था

Adhiraj Awasthi

नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर क्षेत्र से 12वीं कक्षा का छात्र नंदकिशोर कुशवाह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। वह 29 मार्च की सुबह घर से निकला था, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटा है। ग्राम बडादाहा निवासी सुघर सिंह कुशवाह ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि उनका बेटा नंदकिशोर 29 मार्च को सुबह करीब 8 बजे पैन कार्ड बनवाने के लिए नरवर के धुबाई चौराहे जाने की बात कहकर निकला था।

परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। लगातार खोजबीन के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। पिता ने बताया कि पहले चौकी आमोल में शिकायत की, जहां सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद थाना अमोला में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।

पढ़ाई के लिए नरवर में रहता था छात्र
नंदकिशोर 12वीं कक्षा का छात्र था और नरवर कस्बे में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई करता था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह अपने गांव लौट आया था। हताश पिता ने अब पुलिस अधीक्षक से बेटे की तलाश के लिए गुहार लगाई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और वे जल्द से जल्द बेटे की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।