शिवपुरी में हनुमान मंदिरों में भीड, मंशापूर्ण दरबार मे 50 क्विंटल का भंडारा शुरू, मशीन बना रही है पूडी

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर में हनुमान मंदिरों पर हनुमान लला के प्राकट्य उत्सव का श्रीगणेश सूर्योदय से पूर्व ही शुरू हो चुका है। शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों जिसमें एबी रोड़ स्थित श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर, श्री बड़े हनुमान मंदिर तुलसी आश्रम, माधव चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर, लुधावली स्थित श्रीपाताली हनुमान मंदिर, एबी रोड़ स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर, झांसी रोड़ स्थित श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर, छत्री रोड़ स्थित श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर, झांसी रोड़ स्थित श्री बांकड़े हनुमान मंदिर आदि सहित समस्त हनुमान मंदिरों पर भक्तों की सुबह से ही भीड़ लगने लगी है।

शिवपुरी शहर के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर आज सबसे अधिक भक्तों की पहुंचने की संभावना है। मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर आज सुबह 5 बजे मंगला आरती की गई। इसके बाद 1 क्विंटल का मिल्क केक का भोग लगाया गया और 56 भोग अलग से अर्पित किए गए हैं। वही नौहरी बछौरा के ग्रामीणों ने आज हनुमान जयंती के दिन प्रभात फेरी निकाली जो सुबह 6 बजे से शुरू होकर मंदिर 9 बजे पहुंची,हनुमंत लाल के प्राकट्य दिन के शुभ अवसर पर मंदिर पर विशेष सजावट की है,फूल बंगला बनाया गया है। स्पेशल लाइट लगाई गई है।

मंदिर पर प्रातः काल से शुरू हुआ भंडारा
मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर आज सुबह 6 बजे के बजरंगबली को अन्न भोग लगाते हुए भंडारा शुरू किया गया है। यह भंडारा देर रात्रि तक चलेगा। इस भंडारे में सब्जी पूड़ी,सेव-बूंदी भक्तों को बैठाकर खिलाया जा रहा है। इस भंडारे में 25 क्विंटल आटे की पूड़ी मशीनों से बनाई जाऐगी। वही 800 किलो आलू की सब्जी तैयार हो चुकी है और 12000 किलो शक्कर की बूंदी बांटी जाऐगा। कुल मिलाकर आज मंशापूर्ण दरबार में 50 क्विंटल का भंडारा किया जा रहा है। पिछले साल लगभग 50 हजार से अधिक भक्त मंदिर पर दर्शन करने पहुंचे थे।