शिवपुरी का सीवर प्रोजेक्ट कागजो में लगभग पूरा, जमीन पर अभी अधूरा, 15 साल पुरानी सीवर लाइन फिर चर्चा में

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। बजट के अभाव में शहर में पिछले कई महीनों बंद पड़ा सीवर प्रोजेक्ट का काम तीन करोड़ रुपये का बजट मिलने के बाद एक बार फिर से रफ्तार पकड़ गया है। इस बजट से एचटीपी का काम होना था और अधिकारियों का दावा है कि इस बजट को सिर्फ वहीं पर खर्च किया जा रहा है। पीएचई के ईई के अनुसार सीवर लाइन में एचटीपी डिफ्यूजर लगाने का काम और सिविल वर्क कम्पलीट हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार सीवर लाइन का 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, 10 अप्रैल से सीवर लाइन के टेस्टिंग का काम शुरू हो जाएगा। तीन महीने तक सीवर लाइन की टेस्टिंग करने के बाद सीवर लाइन को नगर पालिका को हैंडओवर करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जारी है सीवर लाइन की क्लीनिंग का काम
शहर में जनवरी तक 40 किमी सीवर लाइन की क्लीनिंग और टेस्टिंग का काम पूरा हो चुका था। जनवरी माह में जब केंद्रीय मंत्री व क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिशा की बैठक के दौरान बताया गया था कि शहर में 40 किमी सीवर लाइन की टेस्टिंग का काम पूरा हो चुका है। अब 55 किमी सीवर लाइन की टेस्टिंग और क्लीनिंग का काम बांकी है। ईई अग्रवाल के अनुसार वर्तमान में सीवर लाइन की सफाई का काम चल रहा है।

टूटे पड़े चेम्बर भी हुए सही
बताया जा रहा है कि सीवर लाइन के 34 चेम्बर टूटे पड़े थे, जिन्हें सही करवाया जाना था। पीएचई को बजट मिलने के बाद यह टूटे हुए चेम्बर भी सही करवा दिए गए हैं। इस लिहाज से पिछले 15 सालों वर्क इन प्रोग्रेस की पोजीशन में चल रही सीवर लाइन अब कम्पलीट की पोजीशन में आ चुकी है। अब देखना होगा कि 10 अप्रैल से सीवर लाइन की टेस्टिंग शुरू हो पाती है या नहीं।

शहर के लिए अभी भी दूर की कौड़ी बनी सीवर लाइन
पीएचई जैसा दावा कर रही उसके अनुसार अप्रैल महीने से सीवर लाइन की टेस्टिंग शुरू कर दी जाएगी। अगर सब कुछ सही भी रहा तो जुलाई महीने तक को पीएचई ही लाइन की टेस्टिंग करेगी। इसके बाद सीवर लाइन को नगर पालिका को हैंडओवर करने की प्रक्रिया शुरू होगी। नपा के अधिकारियों के अनुसार लाइन हेंड ओवर लेने से पहले वह भी यह देखेंगे की लाइन पूरी तरह से सही है या फिर नहीं। इस प्रक्रिया में भी काफी समय लग जाएगा। अगर सीवर लाइन नपा को हैंडओवर हो भी जाती है तो, नपा को कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू करने में भी कुछ महीने लग ही सकते हैं। ऐसे में अभी 15 साल बाद भी सीवर लाइन शहर वासियों के लिए दूर की कौड़ी बनी हुई है।

इनका कहना है
-हमें नगरीय निकाय से तीन करोड़ रुपये मिले हैं। इस राशि से एचटीपी का काम किया जा रहा है। इसके अलावा सिविल वर्क भी कंपलीट हो गया है। सीवर लाइन की सफाई का काम चल रहा है। अप्रैल महीने में लाइन की टेस्टिंग का काम शुरू हो जाएगा।
शुभम अग्रवाल
ईई, पीएचई

फैक्ट फाइल
-नगरीय निकाय से स्वीकृत हुई राशि 9.50 करोड़
-पहली किस्त के रूप में मिली 3 करोड़ की राशि
-शहर में किए जाने हैं सीवर लाइन के 44 हजार कनेक्शन
-शहर में हो सीवर लाइन की टेस्टिंग हो चुकी है 40 किमी
-शहर में सीवर लाइन की टेस्टिंग होना शेष है, 55 किमी