शिवपुरी। शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र की एक साधारण किसान परिवार की बेटी ने अपनी असाधारण प्रतिभा से पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है। ग्राम नारही की कक्षा 9वीं की छात्रा अनुष्का पाल ने “टपक सिंचाई (Drip Irrigation)” मॉडल के जरिए 52वीं राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2025 में चयनित होकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। अब उन्हें 14 अप्रैल को नई दिल्ली में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।अनुष्का पाल (14), पिता संतोष कुमार पाल, ने अपने शिक्षक पंकज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में यह मॉडल तैयार किया। इस मॉडल में कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली सिंचाई पद्धति को दर्शाया गया है, जिसमें बूंद-बूंद पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचता है। इससे न केवल पानी की बचत होती है, बल्कि फसल की गुणवत्ता और उत्पादन भी बढ़ता है, साथ ही खरपतवार की समस्या भी कम होती है।
अनुष्का की इस प्रतिभा ने पहले जिला स्तर पर, फिर राज्य स्तर पर पहला स्थान हासिल किया और अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच बनाई। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते उन्हें भारत सरकार के कार्यक्रम अपने नेता को जानें के तहत भारतीय संसद में आमंत्रित किया गया है, जहां राष्ट्रपति की उपस्थिति में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
इस उपलब्धि से पहले प्रशासनिक स्तर पर भी अनुष्का का सम्मान किया गया। करैरा एसडीएम अनुराग निंगवाल ने अपने कार्यालय में छात्रा को सम्मानित करते हुए अपनी कुर्सी पर बैठाकर उसका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उनके मार्गदर्शक शिक्षक को भी सम्मानित किया गया। एसडीएम ने कहा कि अनुष्का जैसी बेटियां समाज और देश के लिए प्रेरणा हैं और उनका यह प्रयास आने वाली पीढ़ी को नई दिशा देगा।
सरकार द्वारा अनुष्का और उनके किसान पिता संतोष पाल के लिए दिल्ली तक हवाई यात्रा की व्यवस्था की गई है। अनुष्का 13 अप्रैल को अपने पिता के साथ दिल्ली रवाना होंगी। इस मौके पर कलेक्टर, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
