शिवपुरी। शिवपुरी जिले का पिछोर क्षेत्र पिछले कुछ वर्षों में सिर्फ गांव-देहात की खबरों के लिए नहीं, बल्कि ऑनलाइन अश्लील वीडियो, गंदी चैट, फर्जी आईडी और साइबर ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों के कारण भी बार-बार सुर्खियों में रहा है। पुलिस पहले भी ऐसे कई मामलों में डिजिटल ट्रेसिंग कर संदिग्ध गतिविधियों तक पहुंच चुकी है। अब इसी कड़ी में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने ही पति पर उसे जबरन ऑनलाइन अश्लील वीडियो और चैट के धंधे में धकेलने का आरोप लगाया है।
यह मामला पिछोर थाना क्षेत्र के सेमरी गांव का है, जहां की एक महिला ने शिवपुरी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे पिछले कई सालों से ऑनलाइन अश्लील प्लेटफॉर्मों पर लोगों के सामने आने, वीडियो कॉल पर अश्लील हरकतें करने और गंदी बातें करने के लिए मजबूर करता था, और इसके एवज में पैसे कमाता था।
मोबाइल बना शोषण का औजार
पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी करीब सात साल पहले हुई थी। शुरुआती समय में सब सामान्य था, लेकिन करीब तीन साल पहले पति का संपर्क कुछ ऐसे लोगों से हुआ, जो कथित रूप से ऑनलाइन अश्लील चैट ऐप और वीडियो प्लेटफॉर्म चलाते या उनसे जुड़े थे,विवाहिता का कहना है कि पति उसे जबरिया कपडे उतारने और आन स्क्रीन सैक्स करने पर मजबूर किया जाने लगा। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि वह इस पूरी गतिविधि का लगातार विरोध करती रही, लेकिन हर बार उसे मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
पिछोर: बदनाम डिजिटल गलियारों की फिर चर्चा
पिछोर क्षेत्र का नाम पहले भी कई बार अश्लील वीडियो कॉल, सेक्स चैट, फर्जी सोशल प्रोफाइल और ऑनलाइन ठगी जैसे मामलों में सामने आता रहा है। इलाके के कुछ हिस्सों को लेकर लंबे समय से यह चर्चा रही है कि यहां से अश्लील वीडियो कॉलिंग और गंदी चैट के जरिए पैसे ऐंठने का नेटवर्क सक्रिय रहा है। कई मामलों में पुलिस ने मोबाइल नंबर, ऐप गतिविधियों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और लोकेशन डेटा के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों को ट्रेस भी किया है।
अब दूसरा सहारा… फिर भी पीछा नहीं छोड़ा
महिला का कहना है कि वह इस उत्पीड़न से इस कदर टूट चुकी थी कि आखिरकार उसने करीब आठ महीने पहले अपने पहले पति का घर छोड़ दिया। इसके बाद वह दूसरे व्यक्ति के साथ रहने लगी और उसने उसके साथ शादी कर ली।
लेकिन महिला का आरोप है कि घर छोड़ने के बाद भी उसका पीछा खत्म नहीं हुआ। उसका कहना है कि पहला पति अब भी उसे और उसके वर्तमान पति को लगातार धमका रहा है। फोन कॉल, डराने-धमकाने और जान से मारने की चेतावनी जैसे आरोप भी महिला ने शिकायत में लगाए हैं।