तेज बारिश के कारण धड़ाम से गिरा पारा, आगे यह रहेगा मौसम का हाल

Adhiraj Awasthi
Uploaded Image शिवपुरी। प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण शिवपुरी का मौसम अचानक से बदल गया। मंगलवार को दोपहर मे शिवपुरी के आसमान को बादलों ने घेर लिया और तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई।  करीब आधे घंटे तक हुई तेज बरसात ने शहर की रफ्तार थाम दी, जबकि बाद में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। इस अचानक बदले मौसम ने जहां लोगों को गर्मी से राहत दी है मंगलवार की रात भी रूक रूक कर बारिश होती रही है। आज बुधवार को भी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इस बारिश से पारा लुढ़क गया है।

तेज बारिश और  आंधी का असर शहर के कई हिस्सों में साफ दिखाई दिया। जगह-जगह लगे बैनर-पोस्टर हवा में उड़कर सड़कों पर आ गिरे, जबकि कलेक्ट्रेट परिसर में लगा एक बड़ा होर्डिंग उखड़कर सड़क पर आ गिरा, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। कई इलाकों में लोग बारिश और हवा से बचने के लिए दुकानों, छज्जों और भवनों के नीचे शरण लेते नजर आए।

बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख चौराहों पर पानी भराव की स्थिति भी देखने को मिली। अस्पताल चौराहे पर सड़क पर पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ सरकारी परिसरों में छतों से पानी टपकने जैसी स्थितियां भी सामने आईं, जिसने पहली ही तेज बारिश में व्यवस्थाओं की तैयारी पर सवाल खड़े कर दिए।

पहले गरज, फिर आंधी और उसके बाद मूसलाधार बारिश
मंगलवार की इस मौसमी हलचल की शुरुआत तेज आकाशीय गर्जना से हुई। बादलों की गूंज के बीच तेज हवाएं चलीं और फिर अचानक बारिश ने पूरे शहर को भिगो दिया। कुछ देर के लिए ऐसा माहौल बन गया मानो अप्रैल नहीं, बल्कि सावन का महीना चल रहा हो। बारिश थमने के बाद मौसम जरूर सुहावना हो गया, लेकिन हल्की बूंदाबांदी देर तक बनी रही।

तापमान में आई गिरावट, गर्मी से मिली राहत
इस बारिश का सबसे बड़ा असर तापमान पर देखने को मिला। तेज हवाओं और बारिश के कारण शहर के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आई इस नरमी से लोगों को झुलसाती गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन बदले मौसम ने अनिश्चितता भी बढ़ा दी है।

पश्चिमी विक्षोभ बना वजह, 9 अप्रैल तक मौसम खराब रहने के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह मौसम परिवर्तन देखने को मिल रहा है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि 9 अप्रैल तक मौसम खराब बना रह सकता है और कई क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। इस संबंध में अलर्ट भी जारी किया गया है।

किसानों की बढ़ी चिंता, गेहूं की खड़ी फसल को हल्का नुकसान
इस बारिश ने जहां आम लोगों को राहत दी, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। जिन इलाकों में अभी भी गेहूं की फसल खेतों में खड़ी है, वहां हल्का-फुल्का नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि राहत की बात यह है कि जिले में करीब 90 फीसदी गेहूं की कटाई पूरी हो चुकी है, जिससे बड़े नुकसान की आशंका फिलहाल कम मानी जा रही है।

कृषि विभाग शिवपुरी के उप संचालक पान सिंह करौरिया के अनुसार,
“वैसे तो इस बारिश से कोई अधिक नुकसान जैसी बात नहीं है, लेकिन जहां खेतों में गेहूं की फसल खड़ी है, वहां थोड़ा बहुत नुकसान हो सकता है। जिले में 90 फीसदी फसल की कटाई हो चुकी है।”

इन जिलों के लिए भी अलर्ट
मौसम विभाग ने भिंड और श्योपुर जिलों के लिए मध्यम गरज के साथ आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना, दतिया, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, सतना, चित्रकूट और रीवा जिलों में हल्की गरज, बिजली गिरने और बारिश की संभावना जताई गई है।