शिवपुरी। शिवपुरी शहर के जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर आज कुछ महिलाएं शिकायत लेकर पहुंची,महिलाओं का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से उनके क्षेत्र में नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन उनमें आज तक पानी की एक बूंद भी नहीं आई है। विडंबना यह है कि पानी न देने के बावजूद नगर पालिका प्रशासन हर महीने नियमित रूप से पानी का बिल वसूल रहा है।जानकारी के अनुसार निवासी वार्ड क्रमांक 36 ढीमर मोहल्ला की रहने वाली लक्ष्मी माहोर ने बताया कि मोहल्ले के लोग पिछले दो साल से इस उम्मीद में बिल भर रहे हैं कि शायद अब उनके नलों में पानी आएगा। लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी हर महीने बिल थमा जाते हैं, लेकिन जब हम उनसे पानी के बारे में पूछते हैं तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता।
महिलाओं की बढ़ी मुश्किलें
ढीमर मोहल्ले की महिलाओं ने बताया कि पीने के पानी के लिए उन्हें दूर-दराज के हैंडपंपों और अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता है। गर्मी के मौसम की शुरुआत के साथ ही यह समस्या और भी विकराल हो गई है। घर का काम छोड़कर घंटों पानी के इंतजाम में जुटी रहने वाली महिलाओं ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है।
पीड़ितों ने कलेक्टर से मांग की है कि या तो उनके नलों में तत्काल पानी की सप्लाई शुरू की जाए, या फिर बिना पानी दिए जो बिल वसूले जा रहे हैं, उन्हें बंद किया जाए। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलापूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो वे नगर पालिका कार्यालय का घेराव करेंगी।