.webp=s320)
शिवपुरी। जिले के फतेहपुर क्षेत्र निवासी एक मजदूर को डिजिटल अरेस्ट का झांसा देकर 4500 रुपए की ठगी की गई है। अज्ञात साइबर ठगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर अश्लील वीडियो देखने के मामले में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने अब एसपी कार्यालय की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस बनकर किया फोन
शिकायतकर्ता रामसिंह जाटव ने बताया कि 6 अप्रैल को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को पुलिस से जुड़ा बताया और कहा कि उनके खिलाफ भोपाल में अश्लील वीडियो देखने के संबंध में एक मामला दर्ज है।
डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर वसूले पैसे
आरोपी ने रामसिंह को डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी दी और चेतावनी दी कि यदि तुरंत पैसे नहीं दिए गए तो उन्हें गिरफ्तार कर सजा और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही उन्हें इस बारे में किसी को न बताने की हिदायत दी गई, अन्यथा कानूनी कार्रवाई बढ़ने की बात कही गई। डर के कारण पीड़ित ने बताए गए नंबर पर 4500 रुपए ट्रांसफर कर दिए।
पैसे मिलने के बाद आरोपियों ने खुद को वकील बताते हुए दो गवाहों के नाम पर 3500-3500 रुपए और मांगना शुरू कर दिया। लगातार कॉल और बढ़ते दबाव के बाद पीड़ित को ठगी का शक हुआ और उन्होंने आगे पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
साइबर सेल में की शिकायत
रामसिंह जाटव ने अब एसपी कार्यालय की साइबर सेल से संपर्क किया है। उन्होंने अधिकारियों से आरोपियों के मोबाइल नंबर ट्रेस कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है।