शिवपुरी जिले में चोरो का डबल अटैक, ताले तोड़कर लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े बदमाश

Adhiraj Awasthi

पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम आकुर्सी में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चोरों ने 2 घरो के ताले तौड दिए, और वहां से सोने-चांदी के कीमती आभूषणों सहित बड़ी मात्रा में नकदी समेट ले गए। इस वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

प्रीतमलाल वर्मा के घर को बनाया निशाना
गांव के निवासी 58 वर्षीय प्रीतमलाल वर्मा ने बताया कि घटना के समय वे शिवपुरी स्थित अपने दूसरे मकान पर थे, जबकि उनका बेटा सतीश वर्मा परिवार के साथ आकुर्सी वाले घर में सो रहा था। सोमवार सुबह करीब 4 बजे जब परिजनों की आंख खुली, तो घर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर दो सोने की जंजीर, दो मंगलसूत्र, एक जोड़ी सोने की चूड़ी, चांदी की तोड़िया, बिछुए और करीब 70 हजार रुपए नकद साफ कर दिए।

हाकिम धाकड़ के घर में भी मची लूट
चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने उसी रात गांव के ही हाकिम धाकड़ (31) के घर पर भी धावा बोल दिया। हाकिम ने बताया कि उनका परिवार खाना खाकर सो गया था। तड़के करीब 4 बजे उनकी बेटी मुस्कान की नींद खुली तो उसे पास वाले कमरे से कुछ आहट सुनाई दी। जब परिजन वहां पहुंचे तो देखा कि कमरे की कुंडी और ताला टूटा हुआ था। अंदर रखी गोदरेज अलमारी का लॉक तोड़कर चोरों ने एक मंगलसूत्र, सोने की पत्री, चांदी की करधौनी, तोड़िया, आठ जोड़ी बिछुए और 29 हजार रुपए नकद चुरा लिए थे।

पुलिस की कार्रवाई
दोनों पीड़ित परिवारों की शिकायत पर पोहरी थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। एक ही रात में हुई इन दो बड़ी चोरियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।