शिवपुरी में स्वास्थ्य के महाकुंभ में भोजन की व्यवस्था संभालेगी जानकी सेना

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी शहर में रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन एवं श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्वास्थ्य सेवा मिशन के संयुक्त तत्वाधान में 17 मार्च से 24 मार्च 2026 तक स्थानीय सीएम राइज स्कूल प्रांगण में एक विशाल और ऐतिहासिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होने जा रहा है इस महा शिविर में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की खाने-पीने आदि का ध्यान अंतर्राष्ट्रीय जानकी सेना संगठन ने सेवा की जिम्मेदारी ली हैं।

भोजनालय की जिम्मेदारी जानकी सेना के पास-इतने सैनिक ने ली सेवा की जिम्मेदारी
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष  विक्रम सिंह रावत ने बताया कि इस आठ दिवसीय शिविर के दौरान भोजनशाला की संपूर्ण व्यवस्था जानकी सेना के जिम्मे रहेगी। इसके लिए संगठन के लगभग 150 समर्पित जानकी सैनिक चौबीसों घंटे सेवादार के रूप में तैनात रहेंगे, ताकि शिविर में आने वाले किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो।

ऊर्जा मंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने की बैठक-कार्यों की बारीकियों पर विशेष चर्चा
शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज स्वास्थ्य शिविर कैंप के सेक्टर A में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के कैबिनेट ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और श्रीमंत सिंधिया जी के निज निवास प्रतिनिधि श्री पुरुषोत्तम पाराशर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सिंह रावत, उपाध्यक्ष लेखराज राठौर, प्रवक्ता धर्मेंद्र तिवारी और अन्य वरिष्ठ सदस्यों के साथ सेवा कार्यों की बारीकियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

ऐतिहासिक होगा आयोजन-जानकी सेना ने लिया यह संकल्प
यह शिविर शिवपुरी के इतिहास में स्वास्थ्य सेवाओं का सबसे बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श और उपचार प्रदान किया जाएगा। जानकी सेना संगठन ने जय श्री राम और जय जानकी मां के उद्घोष के साथ इस पुनीत कार्य में अपनी पूरी शक्ति झोंकने का संकल्प लिया है।