अग्निवीर भर्ती में बढ़ाई गई आयु सीमा, ​सेना के जुनून ने Shivpuri के युवाओं ने सागर तक को पछाडा

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। रक्षा मंत्रालय और सेना भर्ती बोर्ड ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। फौजी बनने की हसरत रखने वाले युवाओं की आयु सीमा एक साल बढ़ा दी गई है।   अग्निवीर भर्ती 2026 में बड़ा बदलाव करते हुए रक्षा मंत्रालय और भारतीय सेना ने अधिकतम आयु सीमा को 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दिया है। 

भर्ती में एक साल की बढ़ोतरी होने से हजारों युवाओं को फौजी की वर्दी पहनने का मौका मिलेगा। सेना भर्ती बोर्ड के अनुसार इस फैसले से युवाओं में अग्निवीर बनने का जुनून और बढ़ा है। पिछले 15 दिनों में 13,499 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें मुरैना और भिंड के युवाओं की संख्या सबसे अधिक है,वही शिवपुरी जिला चौथे स्थान पर हैं।  सेना भर्ती बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि फौजी बनने का जज्बा युवाओं में लगातार बढ़ रहा है। पिछली भर्ती में करीब 1700 युवाओं ने सेना जॉइन की थी। इस बार आवेदनों की संख्या देखकर लग रहा है कि पिछला आंकड़ा टूट सकता है। 13 फरवरी से अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।

1 मार्च तक भिंड जिले से 2608 आवेदन,मुरैना 4591, ग्वालियर 1416, शिवपुरी 1664, दतिया 523,श्योपुर 135, छत्तरपुर 454 ,निवाड़ी 413, सागर 857 और  टीकमगढ़ 838 आवेदन भरे गए है।

उम्र बनी थी रोड़ा, अब मिलेगा मौका
अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में आवेदकों की अधिकतम आयु सीमा अब 22 वर्ष कर दी गई हैं। पिछली बार उम्र सीमा की वजह से जो अभ्यर्थी भर्ती से बाहर हो गए थे, उनके लिए यह बड़ा मौका है। उम्र में रियायत देकर सेना ने हजारों युवाओं के लिए रास्ता खोल दिया है। जिस तेजी से आवेदन आ रहे हैं, उससे उम्मीद है कि इस बार आवेदकों की संख्या पिछले आंकड़ों को पीछे छोड़ देगी। पंकज कुमार, कर्नल, सेना भर्ती बोर्ड, ग्वालियर