Shivpuri News, पति के बिना जीना मुमकिन नहीं, परिजनों की धमकी से डरी युवती पहुंची एसपी की शरण में

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी एसपी ऑफिस में आज मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक लव मैरिज करने वाला एक जोडा अपनी सुरक्षा को लेकर एसपी शिवपुरी के पास पहुंचा। युवती का कहना था कि मैने अपनी मर्जी से आर्य समाज मंदिर में शादी की है। इस विवाह से मेरे मायके वाले नाराज है और वह हमे लगातार प्रताड़ित कर रहे है।

प्रार्थिया शिवानी सैन पुत्री हेमंत सेन निवासी पिछोर ने बताया कि उसने अपनी स्वेच्छा से पिछोर निवासी अभिषेक जोशी के साथ आर्य समाज मंदिर इंदौर में विवाह किया है। शिवानी का कहना है कि वह वर्तमान में अपने पति के साथ सुखद वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रही है और अभिषेक के बिना उसका जीवन संभव नहीं है।

परिजनों की नाराजगी और जानलेवा धमकियां
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि इस अंतरजातीय या प्रेम विवाह से शिवानी के मायके पक्ष के लोग काफी क्षुब्ध हैं। युवती का आरोप है कि उसके पिता और परिवार के अन्य सदस्य लगातार उसे और उसके पति अभिषेक जोशी को भद्दी-भद्दी गालियां दे रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। युवती को डर है कि उसके परिवार वाले किसी भी समय उसके ससुराल पक्ष या उसके पति के साथ कोई गंभीर अप्रिय घटना कारित कर सकते हैं।

पुलिस से सुरक्षा की अपील
शिवानी ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि भविष्य में उसके, उसके पति या उसके ससुराल वालों के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसके जिम्मेदार उसके मायके वाले और रिश्तेदार होंगे। शिवानी ने मांग की है कि उसके परिवार वालों को बुलाकर सख्त हिदायत दी जाए कि वे उनके जीवन में हस्तक्षेप न करें। दंपत्ति को उचित पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए ताकि वे बिना किसी डर के अपना जीवन जी सकें।