Shivpuri News, दबंगों के खिलाफ कोर्ट में बयान, युवक के साथ मारपीट, पेशाब तक पिलाई

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम मारौरा खालसा में निवास करने वाले एक युवक ने एक शिकायती आवेदन सौंपा है। पीडित युवक का कहना है कि न्यायालय में चल रहे एक मामले में बयान देने के कारण उसे आरोपियों ने उसे घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मरणासन्न होने तक पीटा,और उसे पेशाब तक पिलाई गई है। बैराड थाने ने इस मामले में मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है लेकिन मारपीट में फ्रैक्चर और पेशाब पिलाने की धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया है।

पीड़ित बंटी धाकड़ पुत्र खैंरू धाकड़ ने पुलिस अधीक्षक  शिवपुरी को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि उसने अपने गाँव के ही जनवेद धाकड़ के पक्ष में कोर्ट में गवाही दी थी। इसी बात से खुन्नस खाकर आरोपी कप्तान धाकड़, बलबीर, दामो, छत्र सिंह, राहुल, अभिषेक, रोकी और उत्तम धाकड़ उस पर लगातार गवाही बदलने का दबाव बना रहे थे।

रास्ते में रोककर किया जानलेवा हमला
घटना 6 फरवरी 2026 की शाम करीब 6:00 बजे की है। बंटी जब गाँव में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था, तभी कप्तान धाकड़ के घर के सामने आरोपियों ने उसे रोक लिया। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने एक राय होकर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में बंटी का हाथ फ्रैक्चर हो गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरन पेशाब पिलाया।

पुलिस की कार्रवाई पर उठाए सवाल
पीड़ित बंटी धाकड़ ने बताया कि घटना की रिपोर्ट बैराड़ थाने में दर्ज कराई गई थी (FIR No. 0053), लेकिन पुलिस ने मामले में मामूली धाराएं लगाई हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, एफआईआर में हाथ फ्रैक्चर, जानलेवा हमला और पेशाब पिलाने जैसी गंभीर घटनाओं से संबंधित धाराएं नहीं जोड़ी गई हैं।

बंटी धाकड़ ने बताया कि आरोपीजन लगातार गवाही पलटने का दबाव बना रहे थे और धमकी भी दे रहे थे,इस मामले की सूचना और शिकायत भी पूर्व में मेरे द्वारा की गई थी,लेकिन बैराड थाना पुलिस ने मेरे आवेदनो को गंभीरता से नहीं लिया। जब मैंने सत्य का साथ दिया तो उन्होने यह घटना मेरे साथ कर दी।