Shivpuri News,फोरलेन पर इमरत की रोड एक्सीडेंट में मौत,पत्नी और बेटा गंभीर घायल

Adhiraj Awasthi

बदरवास। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के बदरवास थाना सीमा में फोरलेन पर एक वाहन ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी और नाबालिग पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

तहसील से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार ग्राम बिजरोनी के रहने वाले 45 वर्षीय इमरत जाटव सोमवार को अपनी पत्नी कृष्णा जाटव और 16 वर्षीय बेटे रूपेश के साथ बदरवास गए थे। वे बदरवास तहसील में अपना कुछ निजी काम निपटाकर वापस बाइक से अपने गांव बिजरोनी लौट रहे थे। जैसे ही वे बदरवास बायपास के समीप पहुंचे, तभी गुना की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर ही तोड़ा दम, चालक फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इमरत जाटव बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सड़क पर तड़प रहे घायल मां-बेटे को देखकर स्थानीय राहगीरों ने तुरंत मदद की और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

घायलों की हालत नाजुक, पुलिस जांच शुरू
घायल कृष्णा जाटव और उनके बेटे रूपेश को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया गया है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है। इधर, सूचना मिलते ही बदरवास पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।