शिवपुरी में डिजिटल दहशत, युवती की AI एडिटेड अश्लील तस्वीरें फेसबुक पर डालीं

Adhiraj Awasthi

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के ग्राम बगरौदा में एक लड़की के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाने और उस पर आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट करने का मामला सामने आया है। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपितों ने लड़की के पिता और अन्य परिजनों के साथ मारपीट की। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।

ग्राम बगरौदा निवासी सियाराम लोधी की बेटी के नाम से गांव के कुछ युवकों ने कथित तौर पर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। आरोप है कि इस आईडी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से एडिट की गई तस्वीरें पोस्ट की गईं, जिन पर अश्लील टिप्पणियां भी की जा रही थीं। सियाराम के अनुसार, परिवार ने साइबर सेल में शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इसके बाद सियाराम ने 181 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शिकायत बंद कर दी, लेकिन फर्जी आईडी बनाने वालों के खिलाफ कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। सियाराम ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों के नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उनसे सांठगांठ कर मामले को दबाने का प्रयास किया।