बदरवास में मालगाडी से कटकर 23 साल के युवक की मौत,GRP की जांच शुरू

Adhiraj Awasthi

बदरवास। शिवपुरी जिले के बदरवास थाना सीमा में आने वाले रेलवे ट्रैक पर 23 साल के एक युवक की मालगाडी से कटकर मौत हो गई। यह घटना रविवार दोपहर करीब 4 बजे हुई। मृतक की पहचान रेन्झा घाट निवासी 23 वर्षीय जितेंद्र यादव पुत्र जगराम सिंह यादव के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेन्झा घाट निवासी जितेंद्र यादव उम्र 23 वर्ष साल पुत्र जगराम सिंह यादव रविवार दोपहर करीब 4 बजे अज्ञात कारणों के चलते रेलवे ट्रैक के पास शौच करने गया था।  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान वहां से तेज रफ्तार में गुजर रही एक मालगाड़ी की चपेट में युवक आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जितेंद्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हादसे की खबर जैसे ही गांव और परिजनों तक पहुंची, मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। युवक का शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर जीआरपी  की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

जांच में जुटी पुलिस जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले को कई पहलुओं से देख रही है। पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि यह महज एक लापरवाही के कारण हुई दुर्घटना है या इसके पीछे आत्महत्या जैसा कोई कदम था।