क्रिकेटर अनुष्का शर्मा बनीं SHIVPURI का नया विजिटिंग कार्ड, इंटरनेशनल लेवल पर शहर का नाम

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी की पहचान में अब महिला क्रिकेटर अनुष्का शर्मा का नाम भी जुड़ गया है। वह अब शिवपुरी का विजिटिंग कार्ड है और शिवपुरी की पहचान है। शिवपुरी शहर में संचालित श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में क्रिकेट की बारीकियां सीखने वाली अनुष्का शर्मा का चयन भारतीय महिला किक्रेट टीम मे हुआ है। अनुष्का शर्मा का चयन भारतीय महिला टी-20 टीम में हुआ है। वह 13 फरवरी से थाईलैंड में आयोजित होने वाले एशिया कप में भारत की ओर से मैदान पर उतरेगी

WPL में शानदार प्रदर्शन बना आधार
अनुष्का के भारतीय टीम तक पहुँचने का सफर वूमेन प्रीमियर लीग (WPL) के शानदार प्रदर्शन से तय हुआ। चयनकर्ताओं की नजरें उन पर तब टिकीं जब उन्होंने गुजरात जायंट्स के खिलाफ मात्र 30 गेंदों में 44 रनों की आतिशी पारी खेली। इसके अलावा एक अन्य मैच में महज 8 गेंदों पर 18 रन बनाकर उन्होंने अपनी फिनिशर की काबिलियत साबित की। उनकी इसी आक्रामक बल्लेबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के दम पर बीसीसीआई (BCCI) ने उन्हें एशिया कप की टीम में शामिल किया है।

तीन साल की तपस्या का फल
शिवपुरी में महिला क्रिकेट अकादमी की स्थापना तीन साल पहले तत्कालीन खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के विजन के साथ हुई थी। मुख्य कोच अरुण सिंह के निर्देशन में यहाँ की बेटियों ने कड़ी मेहनत की। अनुष्का इस अकादमी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाली पहली खिलाड़ी बनने जा रही हैं। यदि उनका प्रदर्शन एशिया कप में अच्छा रहता है, तो उनके लिए सीनियर भारतीय टीम के स्थायी दरवाजे खुल जाएंगे।

प्रेरणा और भविष्य की उम्मीदें
अनुष्का की इस उपलब्धि पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हर्ष जताते हुए कहा कि अनुष्का का प्रदर्शन अन्य महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा। वहीं कोच अरुण सिंह का मानना है कि यह तो बस शुरुआत है। अनुष्का के पीछे संस्कृति गुप्ता, अनन्या शर्मा और राहिला फिरदौस जैसी खिलाड़ी भी सफलता के शिखर पर पहुँचने के लिए तैयार हैं।

अनुष्का शर्मा ने अपने भारतीय टीम में चयन होने पर कहा कि मैंने अपने कोच से अनुशासन और खेल की बारीकियां सीखी हैं। मेरा सपना भारतीय जर्सी पहनकर देश के लिए मैच जीतना है। यह चयन साबित करता है कि अगर आप निरंतर मेहनत करें, तो कोई भी लक्ष्य नामुमकिन नहीं हैं।