शिवपुरी में कोल्ड वेव: 24 घंटे में 5 डिग्री लुढ़का पारा, प्रदेश में सबसे ठंडा रहा शहर

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में मौसम के परिवर्तन के कारण कडाके की ठंड रिटर्न हो गई है। सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो रहे है इस कारण लोगो को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को आसमान में बादल रहने के कारण ठंड ने अधिक असर नहीं दिखाया लेकिन रविवार को आसमान से बादल साफ होने के बाद पारा अचानक से नीचे गिर गया। वही रात प्रदेश में सबसे ठंडी रात रही। शिवपुरी जिले का अधिकतम तापमान में 5 डिग्री और रात के न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री लुढक गया है।   

24 घंटे में दिखा मौसम का बड़ा बदलाव
शनिवार तक बादलों की मौजूदगी की वजह से तापमान में जो राहत महसूस की जा रही थी, वह रविवार को गायब हो गई। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया था। लेकिन रविवार को बादलों के साफ होते ही दिन के पारे में 5 डिग्री और रात के पारे में 4 डिग्री की अचानक गिरावट आई। रविवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान महज 6 डिग्री पर सिमट गया।

प्रदेश का सबसे ठंडा जिला बना शिवपुरी
ठंड के मामले में शिवपुरी ने पूरे मध्य प्रदेश को पीछे छोड़ दिया है। रविवार को 6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ शिवपुरी प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। तुलनात्मक रूप से देखें तो राजगढ़ में पारा 6.5 डिग्री और दतिया में 7.4डिग्री दर्ज किया गया। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं का सीधा असर शिवपुरी के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है।

कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम केंद्र द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार, राहत के आसार अभी कम हैं। सोमवार, 26 जनवरी के लिए जिले में हल्के से मध्यम कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले 48 घंटों में रात के तापमान में और भी गिरावट आ सकती है, जिससे पाला  पड़ने की संभावना भी बढ़ सकती है।

जनजीवन पर प्रभाव
तापमान गिरने से रविवार को लोग घरों में ही दुबके रहे। सुबह और शाम के समय बाजारों में भी चहल-पहल कम रही और लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। डॉक्टरों ने इस बदलते मौसम में विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।