Shivpuri News: पत्नी ने किया पति पर हंसिए से हमला,नाबालिग बेटी की शादी को लेकर हुआ झगडा

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शहर से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मनियर निवासी एक व्यक्ति पर उसकी पत्नी ने देर रात हंसिए से हमला कर दिया। वार गंभीर होने के कारण पति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में भी चर्चा बनी हुई है।

घायल जय सिंह यादव ने जिला अस्पताल में बताया कि विवाद उनकी नाबालिग बेटी की शादी के मुद्दे पर चल रहा था। उनकी पत्नी लक्ष्मी यादव बेटी की शादी जल्द करना चाहती है और उसने एक रिश्ता भी तय कर लिया था।

जय सिंह इस शादी के खिलाफ हैं और इसी को लेकर दोनों के बीच कई दिनों से तनाव चल रहा था। जय सिंह के अनुसार, उनकी पत्नी बेटी के होने वाले जेठ से बार-बार फोन पर बात करती थी। उन्होंने इसका विरोध किया। बुधवार रात इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई, और स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पत्नी ने गुस्से में हंसिया उठा लिया।

पत्नी ने हंसिए से किया वार, हाथ पर गहरी चोट
जय सिंह ने बताया कि लक्ष्मी ने उन पर हंसिए से हमला कर दिया। वार सीधे हाथ पर लगा, जिससे गहरी चोट आई। परिजनों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को गंभीर बताते हुए उपचार शुरू कर दिया।

पुलिस ने मामला दर्ज किया, जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घायल के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिवार में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नज़र बनाए हुए है।