Shivpuri News: रात का पारा लुढ़का,बारिश को निमंत्रण देने वाली जेट स्ट्रीम हवाएं ​सक्रिय

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले का दोपहर अर्थात अधिकतम तापमान गुलाबी सर्दी का अहसास दिला रहा है,लेकिन रात का पारा अर्थात न्यूनतम पारा 10 डिग्री पर ठहर गया था। उसके बाद पिछले 5 दिनो से रात का पारा 8 डिग्री पर जम गया था लेकिन जेट स्ट्रीम हवाएं सक्रिय होने के कारण शिवपुरी जिले का न्यूनतम पारा 6 डिग्री पर आ पहुंचा।

सर्दियों में पश्चिमी जेट धाराएँ पश्चिमी विक्षोभ (western disturbances) लाती हैं, जिससे उत्तर भारत में हल्की बारिश और बर्फबारी होती है,इसलिए अब शिवपुरी वासी ग्लाव भरी सर्दी का सामना करने के लिए तैयार रहे। मौसम विभाग ने भी 13 दिसंबर से पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने का मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है।

शिवपुरी शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यानी बीते 24 घंटे में अधिकतम पारे में खास अंतर नहीं आया है, लेकिन न्यूनतम तापमान 2 डिग्री नीचे चला गया है। दिसंबर में इस साल 11 दिसंबर को 6 डिग्री सेल्सियस के रूप में सबसे कम तापमान रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस रहा। बता दें कि 6 दिसंबर से लेकर 10 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा था।  

मौसम केंद्र के अनुसार, जेट स्ट्रीम हवाएं चलने की वजह से तापमान में गिरावट आई है। तापमान गिरने के साथ ही सर्दी का असर पहले से अधिक बढ़ गया है। वहीं, 13 दिसंबर से पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।