shivpuri news: पैरों में महापुरुषों की फोटो रख मना जश्न,कांग्रेस के स्थापना दिवस पर सियासी बवाल

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी जिले में कांग्रेस के स्थापना दिवस पर सियासी बवाल मच गया है। इस कार्यक्रम के हुए एक वायरल वीडियो से महापुरुषों का अपमान या बड़ी लापरवाही जैसे सवालों को जन्म हो गया है,इस कार्यक्रम में महापुरुषों की फोटो जमीन पर रख जश्न मनाया गया है। महापुरुषों की फोटो जमीन पर रखने से जहां भाजपा ने तीखे व्यंग बाण छोड़ने शुरू कर दिया हैं वही कांग्रेस बैकफुट आ गई और वायरल वीडियो को कांग्रेस जिलाध्यक्ष विरोधी धडे की साजिश बता रहे है।

रविवार को करैरा में हाइवे किनारे गैस एजेंसी के पास कांग्रेस नेता सतीश खटीक के मैरिज गार्डन में कांग्रेस का स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डीपी श्रीवास्तव, कांग्रेस नेता अमित वर्मा, अब्दुल कय्यूम, महेंद्र कुशवाह सहित अन्य कार्यकर्ताओं मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी, डॉ भीमराव अंबेडकर, सुभाष चंद्र बोस, ज्योतिबा फुल, छत्रपति साहू महाराज, राजीव गांधी की तस्वीरें पैरों के नीचे रखकर मालाएं पहना दीं।

इन्हीं तस्वीरों के पीछे खड़े होकर कांग्रेसियों ने फोटो खिंचवाए और वीडियो बनाई गई। अब यह तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। भाजपा समेत दूसरे दल के नेता निंदा कर रहे हैं। जबकि कांग्रेस जिलाध्यक्ष इसे अपनी ही पार्टी के दूसरे विरोधी धड़े की साजिश बता रहे हैं। करैरा भाजपा मंडल अध्यक्ष वीनस गोयल का कहना है कि महापुरुषों का अपमान करने की कांग्रेसियों की हमेशा से आदत है। हम इसकी कठोर शब्दों में निंदा करते हैं।

कांग्रेस समाप्ति दिवस मना रही
कांग्रेस का स्थापना दिवस कांग्रेस को मुबारक हो। मैं भारत का नागरिक और भाजपा जिला अध्यक्ष होने के नाते कहना चाहता हूं कि करैरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थापना दिवस पर पैरों में तस्वीरें रखकर हमारे महापुरुषों का घोर अपमान किया है। इसकी कठोर शब्दों में निंदा करता हूं। कांग्रेस स्थापना दिवस नहीं मना रही थी, कांग्रेस अपना समाप्ति दिवस मना रही है। कांग्रेस वालों की बुद्धि भी मंद हो चुकी है।
जसमंत जाटव, जिला अध्यक्ष, भाजपा शिवपुरी

महापुरुषों की तस्वीरों को पैरों के पास रखना शर्मनाक
महापुरुषों का अपमान कतई सहन नहीं किया जाएगा। मैं कठोर शब्दों में निंदा करता हूं। कांग्रेस पार्टी ने करैरा में महापुरुषों की तस्वीरों को पैरों के पास रखना अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। देश की सामाजिक चेतना का अपमान है। जिन महापुरुषों ने इस देश को संविधान, समानता, न्याय एवं अधिकारों की राह दिखाई उनका इस प्रकार अपमान किसी भी हालत में स्वीकार नहीं करेंगे।  
महेंद्र बौद्ध, प्रदेश सचिव, भीम आर्मी पार्टी

ब्लॉक अध्यक्ष ने अलग कार्यक्रम आयोजित किया था
जिन लोगों के वीडियो और फोटो वायरल हो रहे हैं, वह नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष का विरोध करने वाले हैं। करैरा में कांग्रेस स्थापना दिवस का एक अलग और तय कार्यक्रम नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष ने आयोजित किया था। वायरल फोटो-वीडियो वाले आयोजन की कोई आधिकारिक सूचना नहीं थी। - मोहित अग्रवाल, जिलाध्यक्ष कांग्रेस शिवपुरी