Shivpuri News: महिला को बुआ बोलकर ठगा, दूसरी वारदात में मंगलसूत्र झपटकर भागे बदमाश

Bhopal Samachar

पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना सीमा में रविवार को दो अलग-अलग जगहों पर बुजुर्ग महिलाओं से लूट की घटनाएं हुई। पहली घटना दोपहर 3 बजे राजा महादेव मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय शीला बाई के साथ हुई। वह खेत जा रही थीं। तभी एक व्यक्ति आया। उसने उन्हें बुआ कहकर बात की। बोला कि तुम्हारे मंगलसूत्र जैसा ही अपनी बेटी के लिए बनवाना है।

शीला बाई ने मंगलसूत्र उतारकर उसे दे दिया। वह व्यक्ति मंगलसूत्र लेकर चला गया। फिर लौटकर नहीं आया। दूसरी घटना शाम 6:25 बजे डाक बंगला के पास हुई। बीजासेन कॉलोनी रन्नौद रोड निवासी 58 वर्षीय उर्मिला श्रीवास्तव डॉक्टर से चेकअप कराकर पोते तन्मय के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। तभी बाइक पर सवार तीन बदमाश आए।

उन्होंने उर्मिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया। छीना-झपटी में मंगलसूत्र टूट गया। कुछ मोती मौके पर गिर गए। बदमाश पैंडल और कुछ मोती लेकर भाग गए। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।