शिवपुरी सनघटा परियोजना से हटा संकट,22 गांव की 4630 हेक्टेयर भूमि होगी सिंचित

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के पिछोर तहसील में स्थित ऐर नदी पर स्वीकृत सनघटा सिंचाई परियोजना के संकट कट गए है। वन विभाग से स्टेज-2 की स्वीकृति मिलने के बाद इस परियोजना काम शुरू हो गया है। इस परियोजना के पूर्ण होते ही लगभग 22 गांव के खेतों को सूचित करेगा,इस परियोजना में सबसे खास बात यह है कि पिछोर विधानसभा की ऐर नदी पर निर्माणाधीन इस परियोजना का सबसे अधिक लाभ शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र के खोड इलाके के लिए वरदान साबित होगी. वर्तमान में यह पूरा इलाका सूखा है यहां खेती के लिए सिंचाई का कोई साधन नहीं है।

उल्लेखनीय है कि सनघटा परियोजना का प्रस्ताव पहले 1983 में बनाया गया था परियोजना की अधिक लागत होने के कारण अभी तक मंत्रिपरिषद से इसकी स्वीकृति नहीं मिल पाई थी,लेकिन तत्कालीन कैबिनेट मंत्री और शिवपुरी विधायक यशोधरा राजे सिंधिया ने इस प्रोजेक्ट पर पुन: वर्क किया और 25 अगस्त 2020 को शिवराज सरकार ने इस परियोजना को हरी झंडी दी थी।

145 करोड़ रुपये की लागत से सनघटा  मध्यम सिंचाई परियोजना का फॉरेस्ट क्लीयरेंस में देरी की वजह से बाँध का काम तत्काल शुरू नहीं हो सका। फिर फॉरेस्ट क्लीयरेंस स्टेज-2 में भी देरी पर देरी रही। बीते दिसम्बर में मिली स्वीकृति अनुसार में भी सिंचाई प्रोजेक्ट लटका रहा। आखिरकार पिछले सप्ताह स्टेज-2 की फॉरेस्ट क्लीयरेंस का लेटर मिलते ही जल संसाधन विभाग ने संकोटा बांध का काम शुरू कर दिया है। 96.53 करोड़ की लागत से बाँध सहित पाइप लाइन बिछाने का काम करवाया जा रहा है। साइट पर बाँध का फाउंडेशन का काम शुरू करा दिया गया है।

वर्तमान में ऐर नदी पर बांध का काम शुरू कर दिया है। 175 मीटर हिस्से में पक्का बाँध और 348 मीटर का मिट्टी का बांध बनेगा। बाँध बनने के साथ ही 5 पंप स्टेशन होंगे इन पंपिंग स्टेशन से 22 गाँवों के किसानों के खेतों तक फसल सिंचाई की सुविधा मिलेगी। कोटा की गुडविल एडवांस कंस्ट्रक्शन ने नदी का बहाव मोड़कर बाँध के फाउंडेशन का काम चालू कर दिया।

डूब क्षेत्र की अनुमति में अवैध खेती, बाँध रुकावट का आशंका
ऐर नदी पर दो पहाड़ियों के बीच बांध का काम चालू हो चुका हैं। ऐर नदी के दोनों किनारे बांध के डूब क्षेत्र में वन विभाग की जमीन पर बिना अनुमति में अवैध खेती हो रही है। जल संसाधन विभाग डूब क्षेत्र की जमीन के बदले दूसरी जमीन के प्लांटेशन के लिए राशि दे चुका है।
लेकिन वन विभाग ने अतिक्रमण नहीं हटाया है।

1.3 मेगावाट का सब स्टेशन लगेगा
बाँध पर 1.3 मेगावाट का सब स्टेशन लगेगा। पंपिंग स्टेशन के 33 केवी का सब स्टेशन तैयार किया जाएगा। पहाड़ी पर 10 से 12  रेस्ट हाऊस और 1.50 किमी की पक्की सडक भी बनेगी। बता दे कि जनवरी 2023 मे कोटा की कंपनी से अनुबंध हुआ था। 31 आदिवासियों की 5 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की गई है 90 प्रतिशत मुआवजा वितरित हो चुका हैं।  

काम शुरू कर दिया है
नदी का बहाव मोड़कर पक्का बाँध बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। काम में और तेजी लाई जा रही है। पाइप लाइन बिछाने के लिए साइट पर पाइप मंगा लिए है। काम दिखने लगेगा।
मुकेश पाठक प्रोजेक्ट मैनेजर,गुडविल एडवांस कंस्ट्रक्शन

अब कोई रुकावट नहीं
स्टेज-2 की फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिलते ही बाँध का काम चालू कर दिया है।अब किसी तरह की रुकावट नहीं है।
समय सीमा में बांध बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
विनोद शर्मा, कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग शिवपुरी

सनघटा प्रोजेक्ट की मुख्य बातें:
145 करोड़ सिंचाई प्रोजेक्ट की कुल लागत
96.53 करोड़ से बाँध व पाइप लाइन नहर बननी है
523 मीटर बांध की लंबाई रहेगी
24 मीटर ऊंचाई रहेगी इस बांध की
6 गेट लगेंगे इस बांध में
350 किलोमीटर की पाइप लाइन नहर
22 गाँवों के किसान लाभान्वित होंगे
4630 हेक्टेयर जमीन सिंचित होने से मिलेगा लाभ