Shivpuri News: खेत में ​घायल अवस्था मे मिले अरविंद लोधी की ग्वालियर में मौत: दोस्त लापता

Bhopal Samachar

पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर थाना सीमा में आने वाले ग्राम नयागांव में सप्ताह भर पहले दोस्तों के साथ पार्टी मनाने गया युवक खेत में घायल अवस्था में मिला था। युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के स्वजनों ने उसी के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम नयागांव निवासी 40 वर्षीय अरविंद लोधी 8 नवंबर की देर शाम दोस्त सुरेंद्र लोधी, धर्मेंद्र लोधी, मन्नू लोधी, रोहित झा व सुरेश सेन के साथ गांव के बाहर अपने खेत पर शराब पार्टी करने के लिए गया था। इसके बाद 9 नवंबर की सुबह अरविंद खेत में घायल अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे उपचार के लिए पिछोर स्वास्थ्य केंद्र ले गए, परंतु वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पहले शिवपुरी फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया। पिछले सप्ताह भर से अरविंद लोधी की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

शुक्रवार को उपचार के दौरान ग्वालियर में अरविंद ने दम तोड़ दिया। खास बात यह है कि उक्त घटना के बाद से ही अरविंद जिन युवकों के साथ पार्टी मनाने गया था, वह परिवार से मिले तक नहीं हैं।

अरविंद के स्वजन को संदेह है कि शराब पार्टी के दौरान उक्त लोगों का आपस में विवाद हुआ होगा। उक्त विवाद के दौरान सभी लोगों ने अरविंद की मारपीट कर दी और उसे मृत समझ कर खेत में डला छोड़कर भाग गए। पुलिस मृतक को पीएम करवा कर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होने के उपरांत व स्वजन के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।