Shivpuri News: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर की कथा में 4 लाख फुट का टेंट,तैयारी युद्ध स्तर पर

Bhopal Samachar

प्रिंस प्रजापति शिवपुरी। शिवपुरी शहर मे पहली बार बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री गर्ग की श्रीमद भागवत कथा का आयोजन 23 नवंबर से हो रहा है। इस आयोजन की व्यवस्था शुरू हो चुकी है। ट्रेडिंग में देश मे नंबर वन की पोजीशन वाले कथा वक्ता बागेश्वर थाम वालो की कथा के लिए शिवपुरी में लगभग 4 लाख स्क्वायर फुट विशाल टेंट लगाया जा रहा है। मुख्य पंडाल में एक लाख लोगो की बैठक व्यवस्था की गई है।

50 बीघा कराई गई जमीन समतल,4 लाख फुट का विशाल टेंट
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा सुनने लाखों लोग पहुंचते हैं। उनकी दरबार में संख्या और बढ़ जाती है, इसलिए व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रबंध किए जा रहे है। शिवपुरी में हवाई पट्टी के पीछे स्थित नर्सरी ग्राउंड को कथा का आयोजन स्थल बनाया जा रहा है लगभग 50 बीघा जमीन को समतल किया गया है। कथा स्थल के विशाल ग्राउंड को चारो ओर से टीनशेड लगाकर सुरक्षित भी किया गया है।

इस स्थल पर लगभग 4 लाख फुट का टेंट लगाया जा रहा है। कथा स्थल पर 5 पंडाल बनाए गए है। कथा व्यास के लिए 80 बाई 150 का विशाल मंच तैयार किया जा रहा है। इसमें मुख्य ड्रॉम पंडाल ढाई लाख फुट का है इसकी चौड़ाई लगभग 150 और लंबाई 1400 फुट है। इसके अतिरिक्त 4 पंडाल भी बनाए जा रहे है। इसमें से एक पंडाल साधु संतों के लिए आरक्षित है वही एक पंडाल प्रेस के लिए बताया जा रहा है। वही एक पंडाल कथा के सेवादार और एक पंडाल में आयोजन कर्ता और गणमान्य नागरिकों के लिए आरक्षित किए गए है।

विशाल भोजनालय,30 हजार लोगों का होगा भंडारा
कथा के मुख्य आयोजन कर्ता कपिल चौधरी अमोला वालो ने बताया कि यहां पर कथा स्थल के सामने ही एक विशाल भोजन शाला का निर्माण किया जा रहा है जहां 30 हजार लोगों के लिए विशाल भंडारा हो सकेगा।

3 गेट,1 गेट महाराज और वीआईपी के लिए आरक्षित
कथा स्थल पर पहुंचने के लिए 3 गेट बनाए गए है। इसमे से एक गेट से कथा व्यास पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री सहित गणमान्य अतिथियों के लिए रहेगा। वही दो गेट आम पब्लिक के लिए रहेगें।

2 स्थानों पर पार्किंग
झांसी रोड पर स्थित फ्रूट मंडी का उपयोग पार्किंग के लिए किया जाएगा वही गुना की ओर गुना बाईपास पर पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं।

सफाई की नगर पालिका सहित प्राइवेट फोर्स भी रहेगी तैनात
कार्यक्रम स्थल पर प्रतिदिन 2 लाख लोगों का अनुमान है। इसलिए सफाई के इंतजाम के लिए भी विशेष व्यवस्था बनाई जा रही है। नगर पालिका की कचरा गाड़ी सहित कर्मचारी तैनात रहेगे। वही सफाई के लिए प्राइवेट लोग भी तैनात रहेगें।

सुरक्षा के लिए एक सैकड़ा कैमरा के साथ यह भी
इस पूरे आयोजन को लेकर सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा को लेकर होता है इसलिए कथा स्थल पर लगभग 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे है। नगर पालिका की ओर से 2 फायर बिग्रेड और स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस सहित एक मिनी हॉस्पिटल की तैयारी चल रही है।

कार्यक्रम की जानकारी
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा शिवपुरी में श्रीमद भागवत महापुराण का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 23 नवंबर को कलश यात्रा से शुरू होगा। यह कलश यात्रा मां राजेश्वरी दरबार से शुरू होकर कथा स्थल तक पहुंचेगी। 24 नवंबर से भागवत कथा का शुभारंभ होगा, जो प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी और 30 नवंबर तक चलेगी। दिव्य दरबार की तारीख अभी तय नहीं हुई है। कथा के संयोजक ने सभी माता बहनों से निवेदन किया है कि कलश यात्रा मे वह पधारे और कोई भी कीमती आभूषण पहनकर नही आए।