SHIVPURI NEWS - तंत्रमंत्र के कारण गई जान,पुत्र ने साले के साथ कर दी पिता की हत्या,पढ़िए पूरा मामला

नरवर। शिवपुरी जिले के नरवर थाना पुलिस ने पैतृक जमीन के लालच में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा रविवार को कर दिया। बेटे ने अपने साले के साथ मिलकर पिता की बेरहमी से हत्या कर दी।

दरअसल, 2 सितंबर को घनसुन्दर कुशवाह उम 21 साल निवासी ग्राम पोहा ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसके पिता इमरतलाल उम्र 50 साल का शव गोलखांद दरगाह के पास पड़ा है। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई कि किसी ने हत्या की है। जांच के दौरान उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और रिश्तेदारों पर शक जताया, लेकिन गहन जांच में उसकी करतूत सामने आ गई।

कछुए का लालच देकर जंगल बुलाया, फिर वार किया
एसपी शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ ने मामले की जांच एसडीओपी करैरा डॉ. आयुष जाखड़ और थाना प्रभारी विनय यादव को सौंपी। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से खुलासा हुआ कि हत्या की साजिश में मृतक का बेटा घनसुन्दर और साला अंकित शामिल थे।

अंकित ने मृतक की कमजोरी का फायदा उठाया। उसे पता था कि इमरतलाल तंत्र-मंत्र और दफिना जैसी बातों पर विश्वास करते हैं। उसने 20 नाखून वाले कछुए का लालच देकर मृतक को जंगल बुलाया। वहां शराब पिलाकर नशे में किया गया और घनसुन्दर झाड़ियों से निकलकर आ गया। दोनों ने कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और शव फेंक दिया।

हत्या की वजह- पैतृक जमीन
पैतृक जमीन को लेकर विवाद इस हत्या की असली वजह थी। आरोपी की मां को उसके मायके वाले जमीन में से हिस्सा देना चाहते थे। लेकिन मृतक ने अपनी ससुराल से जमीन लेने से इनकार कर दिया था। इधर, मृतक का बेटा मां को जमीन मिले, यह चाहता था। इसी लालच में उसने साले के साथ मिलकर वारदात अंजाम दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और दो बाइकें बरामद की गईं। प्रकरण में धारा 61(2) और 238 बीएनएस जोड़ी गई है।