पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी नगर परिषद क्षेत्र की जनता ने संजीवनी क्लीनिक खोलने की मांग को लेकर पोहरी के बीएमओ दीक्षांत गुधेनिया को ज्ञापन सौंपा है। नगर के नागरिकों का कहना है कि पोहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगर से लगभग 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस कारण नगर के वृद्ध, महिलाएँ, बच्चे और आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जनप्रतिनिधियों एवं नगर वासियों ने बताया कि छोटी-सी बीमारी से लेकर प्राथमिक इलाज के लिए भी लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तक जाना पड़ता है, जो समय और धन दोनों की बर्बादी है। कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में देर से पहुँचने पर मरीज की स्थिति गंभीर हो जाती है।
निवासियों ने मांग की है कि नगर परिषद क्षेत्र के बीचों बीच मे पुराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही खोला जाए संजीवनी क्लीनिक खोला जाए ताकि लोगों को नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। इससे आम जनता को राहत तो मिलेगी ही, साथ ही सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर चलाई जा रही योजनाओं का भी सीधा लाभ स्थानीय नागरिकों तक पहुंच सकेगा।
ज्ञापन सौंपते समय नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही संजीवनी क्लीनिक की व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने कहा कि – "जनता की मांग वाजिब है। ज्ञापन को उच्च अधिकारियों तक भेजा जाएगा और यथाशीघ्र पोहरी नगर परिषद क्षेत्र में संजीवनी क्लीनिक शुरू करने पर सकारात्मक विचार किया जाएगा।" इस अवसर पर नगर के पार्षद गण सहित समाजसेवी एवं ग्रामीण जन मौजूद थे।
