SHIVPURI NEWS - भीख में प्यार नहीं मिला लेकिन मिल गई मौत,18 साल के युवक की लाश ​प्रेमिका के घर मिली

कोलारस। शिवपुरी जिले के कोलारस अनुविभाग के तेंदुआ थाना सीमा में एक चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। कि थाना क्षेत्र में रहने वाली एक युवती के घर के पास उसके प्रेमी की लाश मिली है। प्रेमिका का कहना था कि प्रेमी आज ही शादी करने की जिद पर अड़ा था,और आवेश में आकर उसने फांसी लगा ली,घटना के समय युवती और उसका 12 साल का भाई था। युवक के परिजन का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट व जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार कोलारस के ग्राम शंकरगढ़ निवासी नरेश उर्फ ललित उम्र 18 साल पुत्र क्रिश आदिवासी का शव सोमवार की शाम करीब 5.30 बजे तेंदुआ थाना क्षेत्र के ग्राम बूढ़ी राई स्थित आदिवासी बस्ती में एक युवती के घर मिला। बताया जा रहा है कि नरेश का जहां शव मिला है, वह उसकी प्रेमिका का घर है और अक्सर नरेश यहां पर आया करता था। से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बताया कि नरेश उससे आज ही शादी प्रेमिका करने की बात बोल रहा था और इसके लिए वह घर से भागने तक को तैयार था।


जब मैंने ऐसे करने से रोका तो उसने आवेश में आकर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इधर थाना प्रभारी तेंदुआ नीतू सिंह धाकड़ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची तब तक आसपास के लोगों ने फांसी के फंदे से शव को उतारकर घर से कुछ दूरी पर स्थित जंगल में फेंक दिया। ऐसे में यह अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि मामला खुदकुशी का है या उसकी हत्या की गई है।

घटना की सूचना के बाद मृत युवक के परिजन भी मौके पर आ गए और उन्होंने कहा कि बेटे की हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पीएम हाउस पहुंचा दिया है और मंगलवार सुबह शव का पीएम होगा। मर्ग कायम कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

घटना के वक्त घर में युवती व छोटा भाई था
पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त घर में केवल युवती व उसका 12 साल का छोटा भाई था और बड़ा भाई व मां एक तेरहवीं के कार्यक्रम में गए थे। ऐसे में यह संभव नहीं है कि 12 साल का भाई व युवती नरेश की हत्या कर दे। इसलिए पुलिस मामले के हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही नरेश के गले पर फांसी के फंदे के निशान मिले हैं। इसलिए मामला प्रथम दृष्ट्या तो फांसी लगाकर खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है।

इनका कहना हैं
हमने शव को पीएम के लिए पहुंचा दिया है। मंगलवार को शव का पीएम होगा। प्राथमिक रूप से मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। बाकी पीएम रिपोर्ट व जांच के बाद हकीकत सामने आ जाएगी।
नीतू सिंह धाकड़, थाना प्रभारी