कोर्ट रोड हो सकता है वनवे,शहर की बिगड़ी यातायात व्यवस्था पर कलेक्टर की बैठक - Shivpuri City

शिवपुरी। कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी के निर्देशन में शिवपुरी शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से गत दिवस जिला मुख्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में हुई इस बैठक में शहर की यातायात योजना के विभिन्न बिंदुओं पर जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष जसमंत मौर्य, पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्‍ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले, एसडीएम शिवपुरी आनंद सिंह राजावत, जिला परिवहन अधिकारी रंजना कुशवाह, यातायात प्रभारी रणवीर सिंह, जनप्रतिनिधि,  सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, हरवीर सिंह रघुवंशी सहित अन्य विभागीय अधिकारी, समाजसेवी, व्यापारी एवं ऑटो चालक संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कलेक्‍टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने बैठक में शहर के तिराहो एवं चौराहों से अतिक्रमण हटाने, मुख्य सड़कों का विकास (चौड़ीकरण), एकांकी मार्ग का निधार्रण, बस स्‍टैण्‍ड का संचालन, हॉकर्स जोन के निर्धारण, आवश्यक संसाधन, ट्रांसपोर्ट नगर, ऑटो स्टैंड की व्यवस्था सहित अन्‍य आवश्‍यक बिन्दुओं पर बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों से चर्चा की।

कलेक्‍टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने बैठक में सुझाव लेने के उपरांत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के नीलघर चौराहा पर अधिक ट्रैफिक होता है, इस चौराहा पर विद्युत विभाग का एक खंडहर स्थित है, जिसे हटाकर चौराहे को चौडा किया जा सकता है, जिससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। इसके साथ ही एमएम हॉस्पिटल के पास स्थित रोटरी क्‍लब चौराहे पर आए दिन दुर्घटनाओं को ध्‍यान में रखते हुए चौराहा को व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने एसडीएम शिवपुरी को निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर शहर के उक्‍त तिराहों एवं चौराहों का निरीक्षण कर समय-सीमा में आवश्यक रिपोर्ट प्रस्‍तुत करें।

बैठक में माधव चौक से जिला न्यायालय के लिए जाने वाले कोर्ट रोड मार्ग को एकांकी मार्ग किए जाने के संबंध में सुझाव प्राप्त हुए, जिस पर कलेक्टर श्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोर्ट रोड मार्ग को देखे और उसके वैकल्पिक मार्ग ठण्‍डी सड़क का भी निरीक्षण किया जाए। उन्‍होंने कहा कि शहर के बस स्टैंड के संचालन को व्यवस्थित कर यातायात दबाव को कम करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। बस स्‍टैण्‍ड पर हो रहे अतिक्रमण को भी हटाया जाए।

उन्होंने कहा कि शहर के मुख्य सड़कों पर वाहन खडे किए जाकर किए जाने वाले कृत्रिम रूप से अतिक्रमण पर विशेष जोर दिया और राजेश्‍वरी रोड, न्यू ब्लॉक, गुरुद्वारा चौराहा सहित अन्य मार्गों पर इस तरह का अतिक्रमण न हो, इसके लिए यातायात एवं नगर पालिका शिवपुरी मिलकर क्रेन मशीन, अन्‍य बडे वाहनों के द्वारा दो पहिया अथवा चार पहिया वाहनों को उठाने एवं उन पर चालान किए जाने की कार्यवाही करें, इससे पहले लाउण्‍ड स्पीकर के माध्यम से आमजन को समझाइश भी दी जाए कि वह सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें। हॉकर्स जॉन और ऑटो स्‍टैण्‍ड के लिए भी जगह चिन्हित की जाए, चिन्हांकन ऐसे स्‍थानों का किया जाए, जहां आमजन के लिए जाना सुलभ हो।

कलेक्‍टर ने जिला परिवहन अधिकारी को भी निर्देश दिए कि ऑटो का किराया निर्धारित किया जाए, इस तरह की रेट लिस्‍ट भी सभी ऑटो चालक अपने ऑटो पर चस्पा करें। जिन अधिकारियों को जो दायित्व दिए जा रहे है, वह उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करें। प्रतिदिन वह जो भी कार्य कर रहे है, उससे भी वह अवगत कराए।
 
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने शहर की यातायात समस्या के समाधान हेतु अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री चौधरी ने सभी से सक्रिय सहयोग का आग्रह करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था सुधारने में प्रशासन, पुलिस, व्यापारी, समाजसेवी और नागरिक सभी की भागीदारी आवश्यक है।