पार्षद ओमी जैन ने कर दिया भाजपा का त्याग,नेताओं पर प्रताड़ना का आरोप - Shivpuri City

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी में भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश जैन उर्फ ओमी ने पद और पार्टी के पद से इस्तीफा दिया। पार्टी के पदाधिकारियों पर आंतरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। कहा कि राजनेता उन्हें एवं उनके परिवार को लगातार आंतरिक रूप से प्रताड़ित और उपेक्षित कर रहे हैं। ओमप्रकाश जैन वर्तमान में शिवपुरी नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 5 से पार्षद भी हैं और वर्षों से संगठन से जुड़े रहे हैं।

नपा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बोले थे
जैन ने बताया कि बतौर भाजपा पार्षद उन्होंने नगर पालिका में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्य पार्षदों के साथ मिलकर मोर्चा खोला था। पालिका में कई घोटाले हुए, जिनकी उन्होंने शिकायतें भी कीं, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। उन्होंने यह विषय भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व के समक्ष भी उठाया, लेकिन वहां भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।

इससे वे बेहद आहत हुए और अंततः 1 अगस्त 2025 को जिला उपाध्यक्ष पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया। इस्तीफे की प्रतिलिपि भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री और भाजपा जिला अध्यक्ष को भी प्रेषित की गई है। ओमप्रकाश जैन वर्तमान में जिला थोक उपभोक्ता सहकारी भंडार के अध्यक्ष भी हैं और शहर के निचले बाजार स्थित जैन मंदिर के सामने निवास करते हैं।

उनका यह निर्णय शिवपुरी भाजपा संगठन के भीतर चल रही खींचतान और आंतरिक असंतोष को एक बार फिर सतह पर लाता है। फिलहाल पार्टी की ओर से उनके इस्तीफे पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है,वही नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा का विरोध कर रहे पार्षदों ने ओमी जैन का माल्यार्पण कर स्वागत किया।