शिवपुरी मे बाढ़ मे तबाह हुए लोगों को CM यादव ने दिए 1 करोड़ 60 लाख की राहत राशि

Bhopal Samachar

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश सरकार संकट की घड़ी में बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास समत्व भवन से प्रदेश के 28 हजार से अधिक बाढ़ प्रभावितों को 30 करोड़ की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण कर प्रभावितों से चर्चा कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शिवपुरी के बाढ़ प्रभावितों से वर्चुअली चर्चा की। उन्होंने प्रभावितों से बाढ़ के दौरान प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की जानकारी ली। शिवपुरी के श्री भागचंद और अन्य जिले के बाढ़ प्रभावितों ने बताया कि इस वर्षाकाल में जैसी बाढ़ आयी, वैसी पहले कभी नहीं आयी थी। प्रशासन के द्वारा बाढ़ के दौरान हम प्रभावित परिवारों को कैम्प लगाकर रहने की व्यवस्था के साथ भोजन आदि की व्यवस्था भी की गई।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह हमारे संस्कार ही हैं कि कष्ट की इस घड़ी में भी ग्रामीणजन अपनी बात विनम्रता के साथ कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून काल में अब तक 37 प्रतिशत अधिक वर्षा हो चुकी है, जिससे प्रदेश के कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी। उन्होंने स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर प्रभावितों से मुलाकात की और स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान मिले अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि शिवपुरी में दो व्यक्ति बाढ़ में 36 घंटे घिरे रहे और उन्हें प्रशासन ने बाढ़ से बाहर निकाला। इन व्यक्तियों का कहना था कि वे प्रशासन के प्रयासों से ही से बाढ़ से बाहर निकल सकें।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने विभिन्न जिलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में उपस्थित प्रभावित जनों से चर्चा करते हुए कहा, कि ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का प्रशासन द्वारा सर्वे कार्य किया जा रहा है। फसल क्षति पर आर्थिक सहायता का भुगतान भी शीघ्र ही किया जाएगा।

जिले में इस मानसून में अभी तक कुल 20 जनहानि में हितग्राहियों को 80 लाख रुपए, 18 पशु हानि के प्रकरणों में 5 लाख 55 हजार रुपए तथा मकान क्षति, कपड़ा, बर्तन, खाद्यान्‍न क्षति के 1171 प्रकरणों में 75 लाख 33 हजार 100 रूपए, कुल शिवपुरी जिले के 1209 हितग्राहियों को ₹1 करोड़ 60 लाख 88 हजार 100 की राहत राशि का अंतरण किया  गया।

इस मौके पर शिवपुरी के एनआईसी कक्ष में विधायक कोलारस महेंद्र यादव, कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी, एडीएम दिनेश चंद्र शुक्ला,  एसडीएम, संयुक्‍त कलेक्‍टर, डिप्‍टी कलेक्‍टर सहित जिले के आपदा पीडित हितग्राही भी उपस्थित थे।