करैरा। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत क्लस्टर स्तर पर आयोजित हुई जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शिवपुरी जिले के करैरा तहसील के दो छात्र-छात्राओं का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ है। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के एडीपीसी राजा बाबू आर्य ने बताया कि शिवपुरी, गुना व अशोक नगर जिले के छात्र-छात्राओं की क्लस्टर स्तर पर जिला उत्कृष्ट विद्यालय गुना में आयोजित हुई।
जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में 126 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें करैरा तहसील के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय करैरा के छात्र आनंद कुशवाह तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मछावली की छात्रा खुशबू जाटव के उत्कृष्ट मॉडल को निर्णायकों द्वारा राज्य स्तर के लिए चयनित किया गया। अब जिले के यह दोनों विद्यार्थी जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव के निर्देशन में राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली इंस्पायर अवार्ड विज्ञान प्रदर्शनी में हिस्सा लेंगे जहां दोनों को सम्मानित किया जाएगा। कक्षा 10 के छात्र आनंद कुशवाह के स्मार्ट एग्रीकल्चर प्रोजेक्ट का माडल शिक्षिका अर्चना गुप्ता द्वारा तैयार कराया गया था।
वहीं शासकीय उमावि मछावली की कक्षा 9 की छात्रा खुशबू जाटव का माडल शिक्षक सुनील कुमार राय के मार्गदर्शन में तैयार किया गया। खुशबू जाटव का विज्ञान मॉडल सत्र 2023-24 में भी राज्य स्तर पर चयनित हुआ।