खनियाधना। शिवपुरी जिले के पिछोर अनुविभाग के खनियाधाना कस्बे के रहने वाले युवक रविन्द्र कोली ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी 6 माह की बच्ची और पत्नी के साथ सामूहिक रूप से जहर खाकर आत्महत्या करने की चेतावनी दी है। युवक ने अपने परिवार के सदस्यों पर संपत्ति विवाद को लेकर झूठे केस में फंसाने और खनियाधाना पुलिस पर उनके सहयोग का आरोप लगाया है।
वीडियो में रविन्द्र कोली ने बताया कि वह अपने पिता की मौत के बाद बीते 8 माह से खनियाधाना से बाहर रह रहा था। कुछ दिन पहले वह मकान-संपत्ति विवाद के चलते वापस खनियाधाना आकर रहने लगा। उसका आरोप है कि उसका भाई रोहित कोली, मां गोमती कोली और दो बहनें उसे संपत्ति से बेदखल कर कब्जा जमाना चाहती हैं। इसी विवाद के चलते हाल ही में उसकी मां से कहासुनी हो गई थी।
रविन्द्र ने आरोप लगाया कि उसका भाई रोहित कोली जो कि किसी पुलिस प्रकरण में फरार है, उसने खनियाधाना पुलिस की मदद से रात के समय उसे घर से उठवाने की कोशिश की। खुद को बचाने के लिए रविन्द्र को छत से कूदकर भागना पड़ा। इसके बाद पुलिस उसकी मां को अपने साथ ले गई और रविन्द्र के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करवाई गई, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों का सहयोग रहा।
युवक ने वीडियो में शिवपुरी कलेक्टर रविन्द्र कुमार चौधरी और एसपी अमन सिंह राठौड़ से न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह अपनी पत्नी और 6 माह की मासूम बच्ची के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर लेगा। इसके लिए उसने अपने भाई रोहित कोली, मां गोमती कोली और दो बहनों को जिम्मेदार ठहराया है।
इस मामले में खनियाधाना थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि युवक घर पर विवाद कर रहा था। उसकी मां गोमती कोली के बार-बार फोन करने पर पुलिस घर पहुंची थी। रविन्द्र कोली पर उसकी मां ने मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज कराया है
रविन्द्र कोहली का कहना है कि जो इस एफआईआर में पुलिस ने गवाह अजय कोहली और विनोद कोहली है। इसमे से अजय कोहली इंदौर में निवास करता है और नौकरी करता है। रविन्द्र कोहली का कहना कि जब मेरी मॉ से लडाई हो रही थी उस समय यह दोनो कहा से आ गए। मेरा भाई मेरी हक की डेढ करोड की संपत्ति को हड़पना चाहता है,मेरा भाई रोहित कोहली आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है कई मामले उस पर दर्ज है और वर्तमान मे फरार है कई बार वह फरारी मे घर आता जाता रहा है,उसे स्थानीय पुलिस का संरक्षण प्राप्त है।