SHIVPURI NEWS - मप्र के बजट में शिवपुरी जिले को मिली करोडो रूपए की सौगात

Bhopal Samachar

शिवपुरी। मध्यप्रदेश की विधानसभा में बुधवार को वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट पेश किया। उन्होंने 3 लाख 65 हजार 67 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है, जो पिछले बजट से 16% अधिक है,इस बजट में शिवपुरी जिले को करोडो रूपए की सौगात मिली है इस बजट में जिले की सडके,पुल ओर पुलिया के लिए बजट मिला है।

शिवपुरी शहर के करबला पुल की स्वीकृति मिली है। करबला पुल संकरा होने की वजह से कई दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। करबला पुल के निर्माण की मांग उठ रही थी। इस बार के बजट में 30 करोड करबला पुल के निर्माण के लिए स्वीकृत हुए हैं। इसके अतिरिक्त हवाई पट्टी से मुक्ति धाम के बीच लिंक रोड पर बनी संकरी पुलिया को भी 15 करोड रुपए खर्च कर बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त टोंगरा पाली रोड (पिपरसमा वायपास क्रॉसिंग) तक 6 किलोमीटर की सीसी सड़क 1200 लाख खर्च कर डाली जाएगी।

सड़क और पुल निर्माण के मामले में कोलारस विधानसभा से सबसे ज्यादा सौगातें मिली हैं। कोलारस में रन्नौद से पचावली मार्ग को स्वीकृति मिली है। 23.22 किलोमीटर की यह सड़क 250 लाख रुपए खर्च कर डाली जाएगी। इसके अतिरिक्त 37.40 किलोमीटर का रन्नौद-पिछोर मार्ग बनाने के लिए भी 250 लाख स्वीकृत हुए हैं।

लुकवासा-चंदनपुरा-औघट मार्ग पर दो पुल बनाने की मंजूरी मिली है। एक पुल केला नदी पर 493.12 लाख और दूसरा पुल सिंदूरी नदी पर 331.40 की लागत से बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों के विवाद के चलते कुछ सड़कों के टुकड़ों को छोड़ दिया गया था, उन्हें भी पूरा करने के लिए 263 लाख का बजट जारी किया गया है। अब सलैया पहुंच मार्ग, मोहना-पोहरी मार्ग (हाईवे लिंक), मगरौनी-धौलागढ़ मार्ग के छूटे टुकड़ों को बनाया जाएगा।