धरने से मांगे पूर्ण नहीं हुई तो सफाईकर्मी आज से हड़ताल पर,नहीं हुई सफाई | Shivpuri News

Bhopal Samachar
शिवपुरी। नगर पालिका सफाईकर्मियों ने अपनी चार सूत्रीय मांगे पूरी न होने पर पुन: धरना प्रारंभ कर दिया है। दो दिन चले धरने के बाद भी जब नपाध्यक्ष और सीएमओ ने उनकी सुध नहीं ली तो सफाई कर्मियो ने आज से काम बंद कर दिया।

इससे पूर्व दीपावली के समय सफाईकर्मियों ने हड़ताल शुरू कर साफ-सफाई काम रोक दिया था तब सीएमओ केके पटेरिया और नपा उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा ने उनकी मांगे मानते हुए उन्हें लिखित आश्वासन दिया था, जिसके बाद हड़ताल खत्म हुई थी। लेकिन जिन मांगों का आश्वासन उस समय दिया गया था, उन मांगों को नपाध्यक्ष ने पीआईसी में शामिल नहीं किया। जिससे वह मांगे पूरी नहीं हो सकी।

इसके बाद सफाईकर्मियों ने नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए दो दिन पहले धरना प्रदर्शन शुरू किया और आज से शहर की सफाई व्यवस्था भी बंद कर दी। इस मामले में सफाई कर्मचारी मनोज बाल्मिक का कहना है कि नपाध्यक्ष ने अगर अपनी हठधर्मिता नहीं छोड़ी तो वह नपाध्यक्ष के निवास का घैराव करेंगे साथ ही उनके खिलाफ जंगी प्रदशन किया जाएगा।

ज्ञात हो कि दीपावली पर सफाईकर्मियों ने 217 कर्मचारियों का विनियमितीकरण करने 5400 रूपए मिलने वाले कर्मचारियों को 6250 रूपए और 7400 रूपए वालों को 8200 रूपए करने सहित सफाईकर्मियों को सुरक्षा उपकरण और बर्दी उपलब्ध कराए जाने को लेकर धरना प्रदर्शन किया था।

उस समय दीपावली के दौरान सफाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई थी और शहर में गंदगी का अंबार लग गया था। इस समस्या का हल करने को लेकर सीएमओ केके पटेरिया और नपा उपाध्यक्ष अनिल शर्मा अन्नी ने पहल की और सफाईकर्मियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगे पूर्ण कर दी जाएंगी और पीआईसी में उनकी मांगों को रखकर उन्हें स्वीकृत कराया जाएगा।

साथ ही नपा उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा ने 27 ऐसे सफाईकर्मी जो काम पर नहीं आते हैं, उन्हें हटाने की बात भी कही थी। जिस पर सफाई कर्मियों ने अपनी स्वीकृति दे दी थी। लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी उनकी मांगे पूरी नहीं हुई। हड़ताली सफाईकर्मचारियों का कहना है कि सीएमओ और उपाध्यक्ष ने तो अपना दायित्व निभा दिया।

लेकिन नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह अपने दायित्व से मुंह मोड़ रहे हैं। उन्होंने पीआईसी की बैठक में हमारे उन बिंदूओं को शामिल नहीं किया। जिनका आश्वासन उन्हें मिला था। नपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच राजनैतिक द्वंद उनके कार्यो में बांधा उत्पन्न कर रहा है।

जबकि ऐसा हम कर्मचारियों के साथ नहीं होना था। सफाईकर्मियों का कहना है कि अगर जल्द ही उनकी मांगे नहीं मानी गई तो नपाध्यक्ष के खिलाफ वह जंगी प्रदर्शन करेंगे। इस पूरे मामले में जब नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह से प्रतिक्रिया लेने के लिए सम्पर्क किया गया तो उनका मोबाइल रिसीव नहीं हुआ। वहीं सीएमओ केके पटेरिया ने भी अपना मोबाइल रिसीव नहीं हुआ जिस कारण उनकी प्रतिक्रिया नहीं आ सकी।

इनका कहना है-
सफाईकर्मियों को मैंने और सीएमओ ने दीपावली के समय उनकी हड़ताल समाप्त कराई थी और उन्हें लिखित में आश्वासन दिया था कि उनकी यह सारी मांगे मान ली गई हैं और जल्द ही पीआईसी में उक्त मांगों को रखकर उन्हें  स्वीकृत करा दिया जाएगा।

लेकिन नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह ने पीआईसी में हमारे द्वारा जिन मांगों को पूरी करने का आश्वासन दिया गया था, उन बिंदुओं को पीआईसी की बैठक में शामिल नहीं किया। जिस कारण वह मांगे पूरी नहीं हो सकी और दो दिन पूर्व सफाईकर्मियों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और आज तीसरे दिन शहर की साफ-सफाई भी बंद कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

मैं नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह को चेतावनी देता हूं कि अगर जल्द ही सफाईकर्मियों की मांगे नहीं मानी गई तो वह स्वयं सफाईकर्मियों के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल होकर उनके खिलाफ मोर्चा खोलेंगे।
अनिल शर्मा अन्नी, नपा उपाध्यक्ष नगर पालिका शिवपुरी
G-W2F7VGPV5M