SHIVPURI NEWS - सरपंच पति ने किया गोलीकांड, कार में लगी गोली, तलवार से मारने का प्रयास

Bhopal Samachar

शिवपुरी। शिवपुरी शहर के कोतवाली क्षेत्र के सिंह निवास पुल के पास बीती रात आदतन अपराधी सिंह निवास सरपंच पति ने एक युवक पर पिस्टल से फायर कर दिया। घटना में कार सवार युवक बाल-बाल बच गया और कार के गेट में गोली धस गई। इसके बाद आरोपी सरपंच पति युवक के पीछे गया और घर पहुंचकर तलवार से भी मारने की कोशिश की, लेकिन गांव व घर के लोगों ने बचा लिया। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ 307 का  मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक सिंह निवास गांव के रहने बाला अशोक रावत की पत्नी जिला अस्पताल में भर्ती थी। अशोक रावत शनिवार की रात जिला अस्पताल से एक कार में सवार होकर वापस अपने घर जा रहा था। अशोक जैसे ही सिंह निवास पुल के पास श्याम बिहारी कॉलोनी तक पहुंचा तो उसे रास्ते में सिह निवास गांव का सरपंच पति प्रभात रावत मिल गया और उसे अशोक की कार के आगे अपनी गाड़ी लगाकर उसे रोक लिया।

इसके बाद प्रभात ने अशोक से बोला कि तू संजय रावत की गाड़ी क्यों लेकर घूम रहा है, उससे तो मेरा विवाद है। इसी बात पर से प्रभात ने गाली-गलौज करते हुए अशोक पर पिस्टल से फायर किए, लेकिन गोली अशोक में नही लगी, बल्कि कार के गेट से टकराकर उसी में धस गई। अशोक मौके से कार लेकर भागा तो प्रभात ने भी उसका पीछा किया और घर तक पहुंच गया। यहां पर भी प्रभात ने अशोक को तलवार से मारने की कोशिश की लेकिन आसपास व घर के लोगों ने अशोक को बचा लिया। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी जिस पर से मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रभात के खिलाफ हत्या के प्रयास की धाराओं में दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।