SHIVPURI NEWS - फिजिकल पर पानी के संपवेल पर कर्मचारी दारू पार्टी में मस्त,जनता प्यासी-हंगामा

Bhopal Samachar

शिवपुरी शहर के फिजिकल क्षेत्र के परशुराम तिराहे स्थित नगरपालिका के संपवेल पर पानी न मिलने से नाराज वार्ड पार्षद पति सहित जनता ने हंगामा कर दिया। जल संकट से जूझ रही आक्रोशित जनता को देख नगर पालिका कर्मी मौके से निकल गए। जनता का कहना था कि उनके घरों में पिछले आठ दिनों से पानी की सप्लाई नहीं की गई है। बता दें कि लोगों को नगरपालिका के संपवेल के भीतर परिसर में दर्जनों शराब और बीयर की बोतल मिली हैं। लोगों का आरोप है कि यहां कर्मचारी दिन-रात शराब पार्टियां करने में व्यस्त रहते हैं।

वार्ड क्रमांक 27 से पार्षद पति राजू बाथम ने बताया कि पिछले आठ दिनों से उनके वार्ड सहित इंदिरा कालोनी, संजय कॉलोनी में पानी की सप्लाई नहीं की गई है। जब भी अधिकारियों से बात की जाती है तब उनके द्वारा पानी की लाइन को फूटा होना बता दिया जाता है। आज भी पानी की समस्या को लेकर नगरपालिका के संपवेल पर आए थे। जहां नगर पालिका के कर्मचारी अपनी कुर्सी छोड़कर भाग गए। नपा के कर्मचारियों ने मिलकर नगरपालिका के संपवेल को मयखाना बना रखा हैं। पार्षद पति राजू बाथम का आरोप है कि नगर पालिका के बड़े अधिकारी भी उनकी समस्या सुनने को तैयार नहीं है। इधर जनता प्यासी मर रही हैं।