​SHIVPURI NEWS - आसमान से बिजली गिरने से युवक की मौत, दो महिलाएं झुलसी, अस्पताल में भर्ती

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के देहात थाना क्षेत्र के बड़ा गांव में शुक्रवार रात आकाशीय बिजली गिरने से 26 साल के युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है।

बड़ा गांव निवासी 26 वर्षीय राजन पुत्र भरत आदिवासी सोनू सरदार के यहां मजदूरी करता था। शुक्रवार रात काम निपटाकर घर लौट रहा था। रास्ते में वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। मौके पर उसकी मौत हो गई। राजन का शव सुबह रास्ते में पड़ा मिला।

रील बनाने का था शौकीन युवक, मोबाइल भी जला

राजन को रील बनाने का शौक था। वह मजदूरी के दौरान मोबाइल से रील बनाकर सोशल साइट पर डाला करता था। आकाशीय बिजली से उसका मोबाइल जल गया।

बैराड में आकाशीय बिजली गिरने से 2 महिलाए घायल

शिवपुरी के बैराड़ थाना क्षेत्र के नेहरगढ़ा में आकाशीय बिजली गिरने से दो महिलाएं घायल हो गई। दोनों घायल महिलाओं का इलाज बैराड़ के अस्पताल में जारी है। घटना आज शनिवार सुबह की है।

जानकारी के मुताबिक नेहरगढ़ा गांव रहने वाली सपना यादव उम्र 22 साल पत्नी सिरसभान यादव, राधा यादव उम्र 26 साल पत्नी रामनिवास यादव अपने घर के आंगन में काम कर रहीं थी। तभी आज सुबह अचानक उनके आंगन आकाशीय बिजली गिर गई। जिससे दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गई। गनीमत रही कि बिजली महिलाओं से थोड़ी दूर गिरी थी इसके चलते दोनों की जान बच गई।