SHIVPURI NEWS - कांग्रेस प्रत्याशी पुत्र ने भाजपाई को बनाया कांग्रेसी, महेन्द्र के बेटे ने करा दी घर वापसी-बयान जारी कर बचे नेताजी

Bhopal Samachar
शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा का चुनाव अब रोचक मोड में पहुंच गया है,यहां प्रचार के अतिरिक्त सांप सीढ़ी जैसा खेल चल रहा है,चाले पर चाल चली जा रही है। ऐसा ही कुछ घटनाक्रम हुआ है,बीते रोज कोलारस विधानसभा में। कांग्रेस प्रत्याशी पुत्र ने एक वरिष्ठ भाजपा नेता को कांग्रेस ज्वाइन करा दी और फोटो सोशल पर वायरल कर दिए,उसके बाद भाजपा के प्रत्याशी पुत्र ने वरिष्ठ भाजपा नेता की घर वापसी कर दी,दल बदलने के इस घटनाक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता को वीडियो जारी कर जान छुडानी पडी।

पूरा मामला कोलारस विधानसभा क्षेत्र के बघोरिया गांव का हैं जहां बीते रोज बघोरिया गांव में कांग्रेस के प्रत्याशी बैजनाथ सिंह यादव के पुत्र रामवीर सिंह यादव पिता के लिए वोट मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान कांग्रेस प्रत्याशी पुत्र रामवीर सिंह यादव ने बघोरिया गांव के रहने वाले भाजपा नेता हरिओम शर्मा के गले कांग्रेस का गमछा डालकर उन्हें एक फूल माला पहना कर कुछ फोटो खिंचवा लिए।

कांग्रेस प्रत्याशी पुत्र रामवीर सिंह यादव इतने पर ही नहीं रुके उनके द्वारा फेसबुक पर एक पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता हरिओम शर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

दो घंटे में हुई घर वापसी

कांग्रेस प्रत्याशी पुत्र रामवीर सिंह यादव द्वारा फेसबुक पर डाली गई पोस्ट वायरल होते हुए कोलारस से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र यादव के बेटे लोकेंद्र यादव तक पहुंच गई। एक कार्यकर्ता और एक वोट की कीमत को समझते हुए कुछ ही देर में भाजपा प्रत्याशी महेंद्र यादव के बेटे लोकेंद्र यादव बघोरिया गांव पहुंच गए जहां उन्होंने हरिओम शर्मा के गले से कांग्रेस के गमछे को उतार कर भाजपा का गमछा पहनाकर उनकी घर वापसी करा दी।

भाजपा प्रत्याशी पुत्र भी इतने पर नहीं रुके उनके द्वारा भी फेसबुक पर अपने साथ हरिओम शर्मा की एक फोटो के एक पोस्ट की गई जिस पर उन्होंने लिखा कांग्रेस झूठ की राजनीति कर फर्जी सदस्यता अभियान चला रही है। इसके अतिरिक्त हरिओम शर्मा ने भी एक वीडियो जारी कर अपने आपको भाजपा का कार्यकर्ता बताया है। भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी पुत्रों का यह वाक्य चर्चा का विषय बना हुआ है।