SHIVPURI NEWS- बिपरजॉय का असर- रविवार की शाम से छाए बादल सोमवार की सुबह बरसने लगे, मौसम में ठंडक

NEWS ROOM
शिवपुरी।
अरब सागर से उठा बिपरजॉय तुफान गुजरात के समुद्री तटा से टकराने के बाद राजस्थान में तेज बारिश लेकर आया,तूफान का असर मप्र के शिवपुरी जिले में देखने को मिला है। शुक्रवार से बादलों का आगमन हो गया था,कभी धूप कभी छांव बनी रही,यह हाल रविवार की शाम तक रहा,लेकिन शाम होते ही ठंडी हवाएं चलने लगी थी।

सोमवार की सुबह से बादलों ने पानी बरसना शुरू कर दिया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शिवपुरी में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश हो सकती हैै। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है,गर्मी मे जला देने वाली हवाए अब अपने साथ ठंडक लेकर चल रही है।

जानकारी के मुताबिक शिवपुरी शहर में शनिवार की देर शाम हल्की बूंदाबांदी हो गई थी। रविवार की सुबह से आसमान में बादल छाने के साथ हल्की हवाएं भी चलती रहीं। लेकिन शाम 6 बजे शिवपुरी शहर के पश्चिमी हिस्से मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में बूंदाबांदी हो गई। बादल, हवाएं और बूंदाबांदी की वजह से शिवपुरी शहर का तापमान दो दिन में 2.4 डिग्री सेल्सियस नीची चला गया है।

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक 18 जून की रात हल्की बारिश होगी और 19 व 20 जून को भारी बारिश की संभावना है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। गुजरात और राजस्थान के बाद शिवपुरी जिले में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के कारण मौसम बदल रहा है।

अधिक बारिश होने की स्थिति में नुकसान की संभावना है। रविवार को शिवपुरी शहर का अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि शनिवार को दिन का पारा 38.9 डिग्री व न्यूनतम 29.2 डिग्री सेल्सियस था। शुक्रवार को अधिकतम पारा 39.8 व न्यूनतम 29.4 डिग्री था। दो दिन में 2.4 डिग्री पारा नीचे आया है। बता दें कि 15 जून को अधिकतम पारा 41.1 डिग्री रहा था। 16 जून से पारा 40 के नीचे चला गया है।