SHIVPURI NEWS- JE की मौत का मामला:कंपनी के DGM पर कार्रवाई के साथ 1 करोड़ और नौकरी मांग

NEWS ROOM
कोलारस।
कोलारस के मानीपुरा सब स्टेशन पर 11 टन का पॉवर ट्रांसफार्मर उतारते वक्त हुए हादसे की घटना को लेकर अभियंता संघ विरोध में उतर आया है। ऊर्जा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर घटना पर सवाल उठाया है। पॉवर ट्रांसफार्मर उतारते वक्त डीजीएम स्तर का अधिकारी मौजूद होना जरूरी है। संबंधित अधिकारी उपस्थित क्यों नहीं था, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। परिवार को मुआवजा व स्थाई नौकरी की भी मांग रखी है।

जानकारी के मुताबिक बिजली कंपनी के संविदा जूनियर इंजीनियर (जेई) नरोत्तम जाटव (33) पुत्र गिरवर जाटव निवासी साथेर तहसील वीरपुर जिला श्योपुर की गुरुवार को मानीपुरा सब स्टेशन पर हादसे में मौत हो गई थी। पॉवर ट्रांसफार्मर उतारते वक्त गुरुवार को क्रेन पलट गई थी और दबने से नरोत्तम जाटव की घटना स्थल पर ही जान चली गई थी। इस घटना को लेकर मप्र विद्युत मंडल पत्रोपाधि अभियंता संघ ने शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री के नाम ज्ञापन दिया है।

संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि नियमानुसार पॉवर ट्रांसफार्मर उतारते समय डीजीएम स्तर के अधिकारी की उपस्थित क्यों नहीं थी। ऐसे दोषी अधिकारी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए । अभियंता संघ ने नरोत्तम जाटव के परिवार के एक सदस्य को स्थाई नौकरी देने और परिवार को एक करोड़ का मुआवजा दिलाने की मांग रखी है।

कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी ने बताया कि हमने रेडक्रॉस सोसाइटी से तत्काल 50000 रुपए की आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार को देकर मदद करने का प्रयास किया है। जहां तक पत्नी को नौकरी देने की बात है तो संविदा कर्मी होने के चलते हम उनकी पत्नी को आउट सोर्स के जरिए कोई नौकरी देने का प्लान कर रहे हैं।


19 जून को एमडी दफ्तर का घेराव करेंगे
मांगे नहीं मानने की स्थिति में पत्रोपाधि अभियंता संघ के सदस्य काम बंद कर मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय ग्वालियर का घेराव करेंगे। इसके बाद 19 जून को प्रबंधक संचालक कार्यालय भोपाल पर अनिश्चितकालीन काम बंद कर एमडी दफ्तर का घेराव करेगें।

भोपाल से बिजली कंपनी का दल आया, रिपोर्ट बनाकर लौटा
भोपाल से बिजली कंपनी का जांच दल शिवपुरी आया। घटनास्थल का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से बातचीत की। हादसे कैसे हुआ, इसे लेकर पूछताछ की। जांच दल रिपोर्ट बनाकर वापस लौट गया है। वरिष्ठ से मामले में आगे की कार्रवाई होनी है। वहीं पुलिस भी क्रेन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर विवेचना कर रही है।