Shivpuri News- चैम्बर के दीपावली मिलन में जनप्रतिनिधियों की तारीफ के कसीदे काढ़े गए

Bhopal Samachar
शिवपुरी
। हर स्थिति और परिस्थिति में अपने सकारात्मक अंदाज के लिए प्रसिद्ध चैम्बर ऑफ कॉमर्स का दीपावली मिलन समारोह में भी यही अंदाज रहा। संस्था के मानद सचिव विष्णु अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों की तारीफ में जमकर कसीदे काढ़े। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने शिवपुरी के विकास को अद्भुत गति दी है।

वहीं प्रदेश शासन की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के योगदान को भी सराहनीय बताया। जिन्होंने दुर्लभ लगने वाली सिंध पेयजल परियोजना को पूर्ण कराया और थीम रोड़ की शहरवासियों को अनुपम सौगात दी। श्री अग्रवाल कलेक्टर और एसपी की प्रशंसा  में भी कोई कसर नहीं छोड़ी।

वह अपनी संस्था के अध्यक्ष अरविंद दीवान की प्रशंसा करना भी नहीं भूले। उन्होंने कहा कि वह कार्यकारिणी कोर ग्रुप के सभी सदस्यों के सामंजस्य के साथ संस्था के कार्यों को सफलतापूर्वक पूर्ण करने में माहिर हैं। प्रत्युत्तर में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसपी राजेश सिंह चंदेल का भी यहीं अंदाज रहा।

प्रतिवर्ष चैम्बर ऑफ कॉमर्स सामाजिक दायरा बढ़ाने के लिए दीपावली मिलन समारोह आयोजित करता है। इसी कड़ी में परिणय वाटिका में आयोजित समारोह में अतिथि के रूप में कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह और एसपी राजेश सिंह चंदेल उपस्थित रहे।

 कार्यक्रम में चैम्बर की कमान पूरी तरह से संस्था के सचिव विष्णु अग्रवाल के हाथों में रहिए जिन्होंने अपने स्वागत उद्बोधन के जरिए हर तरफ फूल ही फूल बिखेर दिए। ऐसे गुलाब के फूल जिनमें एक भी कांटा नहीं था। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को विकास का मसीहा बताया और कहा कि शिवपुरी में नई.नई 10 से  ज्यादा ट्रेनें  लाकर उन्होंने शिवपुरी के विकास को गति दी है।

मप्र शासन के मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी विकास के मामले में पीछे नहीं है। सिंध पेयजल परियोजना के बाद थीम रोड़ की उनकी सौगात शिवपुरी के विकास के लिए मील का पत्थर है। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह को उन्होंने व्यापारियों का हमदर्द बताया और कहा कि वह हमेशा व्यापारी वर्ग को साथ लेकर चलते हैं और खराब परिस्थितियों में भी सहयोग कर परिस्थितियों को सामान्य बनाने में मदद करते हैं।
 
इसके लिए उनकी जितनी प्रशंसा की जाए वह कम है। यहां तक एसपी राजेश सिंह चंदेल का सवाल है तो कोरोना काल में उनकी भूमिका भुलाई नहीं जा सकती। उन्होंने पासपोर्ट बनाने वाले सिस्टम को इतना मजबूत किया कि बिना किसी सिफारिश और परेशानी के 3 से 4 दिन के भीतर पुलिस की सारी कार्रवाई यंत्र चलित ढंग से हो जाती हैं। यह श्री चंदेल की बेहतर कार्यप्रणाली का सूचक है।
 
माहौल की सकारात्मकता से अभिभूत कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के अंदाज में आध्यात्मिकता और दार्शनिकता का सम्मिश्रण नजर आया। बकौल अक्षय कुमार सिंह, एक रोशनी दीया और बाती से जलती है और एक जो मन के अंदर होती है। एक रोशनी आप को रोशन करती है और एक रोशनी आपके साथ.साथ दूसरों को भी रोशन करती है।
 
उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग दिन दूनी रात चोगनी उन्नति करे लेकिन हम शासन के प्रतिनिधि हैं। हंसते हुए उन्होंने कहा कि हमारी जिम्मेदारी बनती है कि सरकार को भी राजस्व मिलता रहे। इसके लिए हम व्यापारी वर्ग का धन्यवाद देते हैं। जब में पीछे मुड़कर देखता हूं और पाता हूं कि मेरे कार्यकाल में शिवपुरी मेें विकास हुआ है तो मन को खुशी होती है।
 
एसपी राजेश सिंह चंदेल ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लक्ष्मी जी की कृपा और वर्षा आप पर निरंतर होती रहे और आप शहर के चौमुखी विकास में सहभागी बनते रहें। इसी तरह कार्यक्रम होते रहे  और आप सब लोग प्रसन्न रहें। समारोह में कलेक्टर और एसपी को स्मृति चिन्ह दिए गए। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन नंदकिशोर राठी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन तरुण अग्रवाल और पुनीत अग्रवाल ने किया।

समारोह में लकी ड्रा बना आकषर्ण का केन्द्र

दीपावली मिलन समारोह में चैम्बर ने सभी अतिथि एवं सदस्यों के साथ एक लक्की ड्रा भी आयोजित किया। जिसमें सभी को लकी नम्बर की पर्ची दी गई। ड्रा करके कई नाम निकाले गए और उन्हें पुरस्कृत किया गया। कई  पुरस्कार सवाल जवाब के माध्यम से दिए गए। कार्यक्रम में चैम्बर के संयुक्त अध्यक्ष राहुल गंगवाल, कोषाध्यक्ष अजय बिदंल, अभिभाषक विजय तिवारी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंधिया, और भाजपा नेताओं का स्वागत संस्था द्वारा किया गया। 
G-W2F7VGPV5M