SDM की रीडर लटकी मिली फंदे पर, पुलिस वाले से चल रहा था अफेयर: सुसाइड नोट मिला- Pohri News

NEWS ROOM
पोहरी।
खबर जिले के पोहरी कस्बे से आ रही है कि पोहरी एसडीएम की रीडर की लाश सरकारी निवास में लटकी मिली हैं। सुबह जब मृतक का 10 साल का बेटा कोचिंग क्लास से वापस लौटा तो उसने अपनी मां को लटका देखा। उसने पड़ोसियों की इस मामले की सूचना दी। बताया जा रहा है कि रीडर का अफेयर एक पुलिस वाले से चल रहा था। पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार महिला क्लर्क 33 वर्षीय बेबी जाटव का शव उनके सरकारी आवास में दुपट्टे से लटका मिला। बताया जाता है कि सुरेंद्र जाटव की मौत के बाद बेबी जाटव को अनुकम्पा नियुक्ति मिली थी। महिला क्लर्क ने आत्महत्या की है या हत्या कर उसके शव को लटकाया गया है, पुलिस इसकी जांच पड़ताल में जुटी हुई है। बताया जाता है कि महिला की ससुराल शिवपुरी में है। उसके पति की मौत हो चुकी है। महिला का मायका झांसी उत्तरप्रदेश में है।

दो माह पहले भी मृतिका ने किया था आत्महत्या का प्रयास

बताया जाता है कि दो माह पहले भी एसडीएम ऑफिस की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मृतिका बेबी जाटव ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। लेकिन समय रहते महिला को अस्पताल में भर्ती कराकर बचा लिया गया था।

पुलिस वाले से चल रहा था बेबी का अफेयर

बताया जाता है कि दो माह पहले महिला ने जब आत्महत्या का प्रयास किया था और उसे गंभीर हालत में पोहरी अस्पताल और फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब यह कहानी निकलकर सामने आई थी कि पुलिस में पदस्थ एक सिपाही से उसका अफेयर था और महिला उससे शादी करना चाहती थी। लेकिन वह सिपाही शादी में टालमटोल कर रहा था। सूत्र बताते हैं कि उस दौरान एसडीएम ने भी पुलिस को पत्र लिखा था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
G-W2F7VGPV5M