खाद संकटः किसानों के साथ साथ महिलाएं भी पहुंची SDM बंगले पर, हंगामा- kolaras News

Bhopal Samachar
कोलारस। शिवपुरी में लगातार किसानों को खाद न मिलने की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। अब तक कई बार किसान खाद न मिलने से आक्रोशित हो चुके है, इसी क्रम में दो दिन पूर्व ही पोहरी में खाद को लेकर किसानों ने आक्रोष व्यक्त किया था। इसी कड़ी में आज आज कोलारस नगर में खाद न मिलने से किसान आक्रोशित हो गए। जिसके बाद किसानों ने एसडीएम बंगले पर प्रदर्शन कर दिया।

कोलारस एसडीएम बंगले पर किसानों के साथ-साथ महिलाएं भी खाद की समस्या को लेकर पहुंची, जहां एसडीएम बंगले के बाहर प्रदर्शन किया गया। किसानों का आरोप है कि वह 4 दिनों से हर रोज खाद वितरण केंद्र के चक्कर काट रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें खाद नहीं दिया जा रहा है। खाद की समस्या लेकर पहुंची महिलाओं का कहना था कि वह अपने घर का कार्य छोड़ कर सुबह से खाद मिलने की आस लेकर खाद वितरण केंद्र पर बैठी रहती हैं। ऐसा करते-करते उन्हें 4 दिन बीत चुके हैं, इसके बावजूद भी उन्हें खाद मुहैया नहीं कराई गई।

जितनी आती है, उतनी करा दी जाती है खाद वितरित

कोलारस एसडीएम ब्रज बिहारी श्रीवास्तव का कहना है कि किसानों को खाद के लिए परेशानी ना हो, इसके लिए टोकन व्यवस्था का प्रबंध किया गया है। किसानों को पहले टोकन वितरित कर दिए जाते हैं, जिसके बाद जैसे ही खाद आती हैं, तो टोकन धारियों को खाद उपलब्ध करा दी जाती है। बीते दो दिनों में किसानों को 600 टोकन उपलब्ध कराए गए थे, जिसके बाद सभी 600 किसानों को खाद भी उपलब्ध करा दी गई है।

फिलहाल खाद वितरण केंद्र पर खाद नहीं है। इसी के चलते किसानों में नाराजगी है। आज कृषि विभाग के कर्मचारियों के माध्यम से 400 टोकन किसानों को वितरित किए गए हैं। खाद की रेक लगने के बाद 30 सितंबर को जिन किसानों को टोकन वितरित किए गए थे, उन सभी किसानों को खाद आवंटित कर दी जाएगी।
G-W2F7VGPV5M