Shivpuri News- रणवीर पहुंचे स्कूलःसमझाए मौत के आंकडे, बीमारी से ज्यादा सडक पर लोगो ने तोडा दम

Bhopal Samachar
शिवपुरी। यातायात सप्ताह के चौथे दिन यातायात की टीम शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 1 एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आदर्श नगर पहुंची। यहां यातायात विभाग की टीम ने बच्चों को यातायात के नियमों की पढ़ाई करवाई। इस दौरान यातायात प्रभारी ने बच्चों को वर्ष 2019-20 में सड़क हादसे में हुई मौतों का आंकड़ा बताते हुए कहा कि आपको शायद यह सुनकर अचरज होगा कि किसी गंभीर बीमारी, हत्या, लड़ाई सहित अन्य कारणों से उतने लोगों की मौत नहीं हुई, जितने लोगों की मौत सिर्फ सड़क हादसे में हुई है।

उन्होंने बताया कि इस दौरान 7 हजार 746 लोगों ने वाहन दुर्घटना में अपनी जान गंवाई है। अगर इन सभी लोगों ने यातायात नियमों का पालन किया होता तो निश्चित ही उनकी मौत नहीं होती। रणवीर सिंह के अनुसार हो सकता है इन लोगों में से सभी पूरी तरह सुरक्षित नहीं होते, लेकिन किसी का हाथ टूटता तो किसी का पैर जो कुछ समय में सही हो सकता था। उनके अनुसार हो सकता है कुछ लंगड़े और लूले हो जाते लेकिन आज अपने परिवार के बीच होते।

यातायात प्रभारी के अनुसार इंसान अपने सपने तभी पूरे कर पाता है जब जिंदा होता है। अगर जिंदा रहना है तो भारत ही नहीं पूरे विश्व में सबसे ज्यादा मौतों का कारण बन रहे सड़क हादसों से सुरक्षित रहना होगा और यह तभी संभव है जब यातायात के नियमों का पालन किया जाए। उन्होंने इस क्लास में मौजूद शिक्षकों से भी निवेदन किया कि वह अपने विषय के क्लास के दौरान बच्चों को बीच-बीच में यातायात के नियमों का पालन करने की समझाइश देते रहें, क्योंकि एक दिन की क्लास बच्चों को कुछ दिन याद रहती है।

अगर क्लास रोज-रोज ली जाए तो वह बच्चों की आदत में शुमार हो जाती है। इसके अलावा शिक्षक की कही गई बात बच्चों के लिए पत्थर की लकीर होती है। इस दौरान उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री विवेक श्रीवास्तव एवं उनकी टीम, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अनीता खंडेलवाल ,सूबेदार अरुण जादौन ,सूबेदार नीतू अवस्थी,सूबेदार प्रियंका घोष एवं थाना यातायात का स्टाफ मौजूद था।
G-W2F7VGPV5M