यशोधरा जी, क्रिटिकल केयर ब्लॉक अपन को मिलना चाहिए था, यहां ज्यादा जरूरत है- Kuhla Khat

Bhopal Samachar
केंद्र सरकार ने हाल ही में मध्य प्रदेश के 4 जिलों के लिए क्रिटिकल केयर ब्लॉक मंजूर किए हैं। इनमें 100 बिस्तर होंगे एवं अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी। इनमें रोड एक्सीडेंट और अन्य हादसों में गंभीर रूप से घायल मरीजों का इलाज किया जाएगा। भोपाल और ग्वालियर के अलावा विदिशा एवं दतिया के लिए क्रिटिकल केयर ब्लॉक मंजूर किए गए हैं। 

दतिया के एक तरफ ग्वालियर और दूसरी तरफ झांसी जैसी मेडिकल सुविधाएं हैं लेकिन अपनी शिवपुरी से ग्वालियर काफी दूर है। अपनी शिवपुरी नेशनल हाईवे पर है। यहां ज्यादा हादसे होते हैं। यहां केवल शिवपुरी के नहीं बल्कि देश के विभिन्न राज्यों के नागरिक हादसों का शिकार होते हैं। अपने डॉक्टर किसी तरह का जोखिम नहीं उठाते। यदि घायल गंभीर है तो तत्काल रेफर कर देते हैं। 

क्रिटिकल केयर ब्लॉक मिल जाता तो ना केवल शिवपुरी, गुना, श्योपुर और झांसी के नागरिकों को बेहतर इलाज मिल पाता बल्कि नेशनल हाईवे पर हादसों का शिकार होने वाले देशभर के नागरिकों को अच्छा इलाज मिलता और इससे शिवपुरी एवं मध्य प्रदेश के प्रति लोगों में अच्छी छवि बनती। 

यशोधरा जी, शिवपुरी के लोग आप पर आंख बंद करके भरोसा करते हैं। सभी लोग यह मानते हैं कि आपसे अच्छा विकास कोई नहीं कर सकता। फिर क्या कारण है कि महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट मध्य प्रदेश के दूसरे जिलों को मिल जाते हैं। हमें विश्वास है कि आप जल्द ही शिवपुरी के लिए भी क्रिटिकल केयर ब्लॉक लेकर आएंगी। संभव है आपका स्टाफ और विश्वासपात्र आपका ध्यान बांट दें। इसलिए, कुछ समय बाद हम फिर ध्यान दिला देंगे।
G-W2F7VGPV5M